Kawardha News : जनजातीय बालिका छात्रावास अधीक्षिकाओं को मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन का प्रशिक्षण, बोड़ला से स्वास्थ्य अभियान की शुरुआत

कबीरधाम जिले में जनजातीय बालिका छात्रावासों की अधीक्षिकाओं के लिए मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। आकांक्षी विकासखंड बोड़ला से बालिकाओं के स्वास्थ्य जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई।

Jan 19, 2026 - 19:04
 0  13
Kawardha News : जनजातीय बालिका छात्रावास अधीक्षिकाओं को मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन का प्रशिक्षण, बोड़ला से स्वास्थ्य अभियान की शुरुआत

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। जिले में प्री एवं पोस्ट मैट्रिक जनजातीय बालिका छात्रावासों की अधीक्षिकाओं के लिए मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का संचालन महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले की सामाजिक संस्था समाजबंध एनजीओ से जुड़ी शरवरी सुरेखा अरुण एवं सचिन आशा सुभाष द्वारा किया गया, जो विगत लगभग एक दशक से जनजातीय महिलाओं एवं बालिकाओं के बीच मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में सतत कार्य कर रहे हैं।

प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत में शरवरी सुरेखा अरुण ने मासिक धर्म से जुड़े अपने व्यक्तिगत एवं क्षेत्रीय अनुभव साझा किए। इसके पश्चात उन्होंने मासिक धर्म की वैज्ञानिक प्रक्रिया, इसके प्रबंधन एवं इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों पर विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान मासिक धर्म में होने वाले सामान्य एवं असामान्य लक्षणों पर विशेष प्रकाश डाला गया तथा किन परिस्थितियों में चिकित्सकीय परामर्श आवश्यक है, इस पर भी चर्चा की गई।

प्रशिक्षण में इस बात पर जोर दिया गया कि छात्रावास अधीक्षिकाएं संवेदनशीलता के साथ छात्राओं से इस विषय पर संवाद स्थापित करें। मासिक धर्म के दौरान स्वास्थ्य देखभाल, उपयोग में लाई जाने वाली सामग्रियों के सुरक्षित निपटान एवं छात्राओं के लिए सुरक्षित एवं सहज वातावरण उपलब्ध कराने पर विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही कम उम्र की बालिकाओं में मासिक धर्म को लेकर पूर्व तैयारी एवं समझ विकसित करने पर भी बल दिया गया, ताकि वे इस प्राकृतिक प्रक्रिया से भयभीत न हों और अपनी शारीरिक समस्याओं को सहजता से साझा कर सकें।

प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं में रजोनिवृत्ति के समय होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों तथा उनसे निपटने की तैयारी पर भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में समाजबंध संस्था द्वारा विकसित मासिक धर्म से संबंधित समग्र जानकारी युक्त पुस्तिकाएं अधीक्षिकाओं को वितरित की गईं, जिन्हें वे अपने-अपने छात्रावासों की छात्राओं को उपलब्ध कराएंगी।

इस अवसर पर कलेक्टर कबीरधाम गोपाल वर्मा ने बताया कि यह प्रशिक्षण विशेष रूप से जनजातीय क्षेत्रों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से छात्रावास अधीक्षिकाओं के माध्यम से प्रारंभ किया गया है। आकांक्षी विकासखंड बोड़ला क्षेत्र से इसकी शुरुआत की जा रही है, जिससे बड़ी संख्या में छात्राएं लाभान्वित होंगी। उन्होंने इसे जिले में जनजातीय बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम विनय कुमार पोयाम ने जानकारी देते हुए बताया कि नीति आयोग भारत सरकार के सहयोग से आकांक्षी विकासखंड बोड़ला में अनेक विकासात्मक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य को लेकर विशेष पहल की जा रही है और इसी क्रम में बालिकाओं के स्वास्थ्य पर मासिक धर्म के प्रभाव को लेकर यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया है। प्रशिक्षित अधीक्षिकाएं अपने-अपने क्षेत्रों में बालिकाओं को जागरूक कर उनके स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करेंगी।

जिला प्रशासन, आदिम जाति तथा अनुसूचित जनजाति विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में इस प्रकार के जागरूकता अभियान निरंतर संचालित किए जा रहे हैं, ताकि जनजातीय बालिकाओं के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों को कम कर उन्हें स्वस्थ एवं सशक्त बनाया जा सके।