स्कूलों में सभी मूलभूत सुविधाएं और किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराएं: ईश्वरी साहू
जिला पंचायत कबीरधाम की सामान्य सभा की बैठक में शिक्षा एवं कृषि विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने स्कूलों में सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा किसानों को मांग के अनुसार खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कवर्धा। जिला पंचायत कबीरधाम की सामान्य सभा की बैठक में शिक्षा, कृषि, पेयजल, सड़क और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने की। बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग और कृषि विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान ईश्वरी साहू ने ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद शुरू हुए नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 को लेकर शिक्षा विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन कर नए विद्यार्थियों का स्वागत किया जाए, जिससे बच्चों में विद्यालय के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास बढ़े। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर पाठ्यक्रम पूरा करने के लिए भी विभाग को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि नए शैक्षणिक सत्र की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कक्षा 1 से लेकर हाईस्कूल स्तर तक विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया जा रहा है। इसके अलावा निःशुल्क साइकिल वितरण योजना, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना, शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत प्रवेश, छात्रवृत्ति भुगतान, महतारी दुलार योजना और समग्र शिक्षा अंतर्गत निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी भी प्रस्तुत की गई।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान खरीफ सीजन 2026 के लिए खाद और बीज की उपलब्धता पर चर्चा हुई। कृषि विभाग ने बताया कि जिले में किसानों की मांग के अनुरूप उर्वरकों का भंडारण किया जा रहा है तथा समितियों के माध्यम से वितरण भी जारी है। यूरिया, डीएपी, एमओपी, एसएसपी और एनपीके सहित विभिन्न उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी सदन को दी गई।
बैठक में किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने और वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी ने कृषि विभाग को निर्देशित किया कि धान के विकल्प के रूप में अन्य लाभकारी फसलों के लिए उपलब्ध प्रोत्साहन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
सामान्य सभा में ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा जल संसाधन विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं को बैठक में रखा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्यगण, जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं जिला पंचायत के कर्मचारी उपस्थित रहे।