कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन में 29 अगस्त 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, खेल समिति के सदस्यों, खिलाड़ियों, ग्रामीणों और खेलप्रेमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अखिलेश कौशिक, थाना कुकदूर प्रभारी संतोष मिश्रा सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों ने खिलाड़ियों और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। युवाओं को खेल के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ने, अनुशासन बनाए रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ उनमें टीम भावना, आत्मविश्वास और अनुशासन विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ग्राम सिंगपुर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में 25 टीमों ने शानदार खेल भावना के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को नकद पुरस्कार देकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। प्रथम पुरस्कार लिमहीपुर की टीम को 5 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार मदनपुर की टीम को 4 हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार सरईसेत की टीम को 3 हजार रुपये और सांत्वना पुरस्कार भेड़ागड़ की टीम को 2 हजार रुपये प्रदान किए गए। आदर्श टीम का पुरस्कार कुल्हीडोगरी की टीम को 1 हजार रुपये दिया गया।
आयोजन के दौरान क्षेत्र के वरिष्ठ एवं अनुभवी खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वरिष्ठ खिलाड़ियों का सम्मान युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक रहा। इसके साथ ही खेल समिति और खिलाड़ियों को टी-शर्ट का वितरण किया गया। टी-शर्ट मिलने से खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में कबीरधाम पुलिस की ओर से साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी ग्रामीणों और खिलाड़ियों को जागरूक किया गया। पुलिस ने समझाइश दी कि OTP, ATM PIN, CVV, बैंक पासवर्ड और UPI PIN जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। अनजान लिंक, संदिग्ध QR कोड और अज्ञात APK फाइल डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी गई। पुलिस ने स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस ऐप के माध्यम से होने वाली ठगी के प्रति भी सतर्क रहने को कहा।
ग्रामीणों को फर्जी नौकरी, लॉटरी, निवेश और ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर होने वाली साइबर ठगी से सावधान रहने की जानकारी दी गई। किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश पर तुरंत विश्वास न करने तथा साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों के पालन को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की समझाइश दी। नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, नाबालिगों को वाहन नहीं देने तथा यातायात संकेतों का पालन करने की अपील भी की गई।
कबीरधाम पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से ग्रामीण युवाओं को खेल और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ जनसंवाद एवं जनजागरूकता को बढ़ावा दिया जा रहा है। ग्राम सिंगपुर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और पुलिस तथा आमजन के बीच विश्वास एवं सहभागिता मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही।