कबीरधाम में तेंदूपत्ता संग्राहकों को बड़ी राहत, वर्ष 2026 का पारिश्रमिक और 2023 सीजन का बोनस भुगतान शुरू

जिला लघु वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित, कवर्धा ने वर्ष 2026 के तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक और वर्ष 2023 सीजन के प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) का ऑनलाइन भुगतान शुरू कर दिया है। अब तक 32 हजार से अधिक संग्राहकों को 22 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है, जबकि 13 लाभ में रही समितियों के 21,010 संग्राहकों को बोनस राशि भी जारी की जा रही है।

Jul 9, 2026 - 11:05
 0  3
कबीरधाम में तेंदूपत्ता संग्राहकों को बड़ी राहत, वर्ष 2026 का पारिश्रमिक और 2023 सीजन का बोनस भुगतान शुरू

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l जिला लघु वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित, कवर्धा ने तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए बड़ी राहत देते हुए वर्ष 2026 तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक तथा वर्ष 2023 सीजन के प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) का ऑनलाइन भुगतान प्रारंभ कर दिया है। इससे जिले के हजारों संग्राहकों को आर्थिक लाभ मिलेगा।

जारी जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन में जिले की 19 प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समितियों के 24 लॉट और 269 फड़ों के माध्यम से संग्रहण कार्य किया गया। इस सीजन में 40,100 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके विरुद्ध 40,234.435 मानक बोरा तेंदूपत्ता का संग्रहण किया गया, जो निर्धारित लक्ष्य का 100.34 प्रतिशत है। यह जिले में तेंदूपत्ता संग्रहण की प्रभावी व्यवस्था और संग्राहकों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।

संग्रहित तेंदूपत्ता के एवज में कुल 32,688 संग्राहकों को 22 करोड़ 12 लाख 89 हजार 392 रुपये 50 पैसे का संग्रहण पारिश्रमिक देय है। 8 जुलाई 2026 तक 32,464 संग्राहकों के बैंक खातों में 22 करोड़ 3 लाख 56 हजार 4 रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया जा चुका है। यह कुल देय राशि का लगभग 99.58 प्रतिशत है। शेष पात्र संग्राहकों को भी शीघ्र भुगतान किए जाने की प्रक्रिया जारी है।

इसके साथ ही वर्ष 2023 तेंदूपत्ता सीजन के प्रोत्साहन पारिश्रमिक (बोनस) का वितरण भी शुरू कर दिया गया है। वर्ष 2023 में जिले के 28,589 संग्राहकों ने 32,347.170 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहित किया था। नियमानुसार बोनस का भुगतान केवल लाभ में रही समितियों के संग्राहकों को किया जाता है।

जिले की कुल 19 समितियों में से 13 समितियां लाभ में रही हैं। इन समितियों के 21,010 संग्राहकों को कुल 2 करोड़ 31 लाख 63 हजार 96 रुपये की प्रोत्साहन राशि का ऑनलाइन भुगतान 8 जुलाई 2026 से प्रारंभ कर दिया गया है। विभाग ने बताया कि बोनस वितरण की प्रक्रिया भी चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।

बोनस पाने वाली प्रमुख समितियों में खारा, छोटूपारा, सहसपुर, राजनवागांव, बोड़ला, सिंघारी, तरेगांव, पंडरिया, कुकदूर, कोदवा, कामठी, चिल्फी और रेंगाखार शामिल हैं। विभिन्न समितियों में प्रति मानक बोरा प्रोत्साहन राशि अलग-अलग निर्धारित की गई है। इनमें कुकदूर, कोदवा और चिल्फी समितियों के संग्राहकों को प्रति मानक बोरा सबसे अधिक प्रोत्साहन राशि मिलने जा रही है।

जिला लघु वनोपज सहकारी यूनियन मर्यादित, कवर्धा ने सभी पात्र तेंदूपत्ता संग्राहकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खातों की जानकारी अद्यतन रखें। इससे पारिश्रमिक और बोनस की राशि समय पर सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की जा सकेगी तथा भुगतान प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।

वनोपज विभाग के अनुसार तेंदूपत्ता संग्रहण ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले हजारों परिवारों की आजीविका का महत्वपूर्ण स्रोत है। समय पर पारिश्रमिक और बोनस का भुगतान होने से संग्राहकों को आर्थिक संबल मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी। ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था से प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक भी बनी है। जिला प्रशासन और लघु वनोपज सहकारी यूनियन का उद्देश्य सभी पात्र संग्राहकों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से भुगतान सुनिश्चित करना है।