मुख्यमंत्री की ऐतिहासिक बिजली राहत घोषणा पर उत्तर विधानसभा विधायक पुरंदर मिश्रा ने जताया आभार
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नई बिजली राहत योजना की घोषणा की, जिसमें घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक आधी दर पर बिजली मिलेगी। उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा ने इस ऐतिहासिक फैसले पर जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।
UNITED NEWS OF ASIA.अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। प्रदेशवासियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा के विशेष सत्र में नई बिजली राहत योजना का ऐलान किया। इस योजना के तहत राज्य के उन सभी घरेलू उपभोक्ताओं को, जिनकी मासिक खपत 200 यूनिट तक है, अब आधी दर पर बिजली का लाभ मिलेगा। इससे प्रदेश के लगभग 36 लाख परिवारों को सीधे लाभ मिलेगा। इसके साथ ही, जिन उपभोक्ताओं की खपत 200 से 400 यूनिट प्रतिमाह है, उन्हें आगामी एक वर्ष तक 200 यूनिट तक हाफ बिजली का लाभ दिया जाएगा, जिससे लगभग 6 लाख अतिरिक्त उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि यह योजना 1 दिसंबर से लागू होगी और इसमें सोलर प्लांट लगाने पर अतिरिक्त प्रोत्साहन भी दिया जाएगा—1 किलोवॉट प्लांट पर ₹15,000 की सब्सिडी और 2 किलोवॉट या उससे अधिक क्षमता पर ₹30,000 की सब्सिडी। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को आधी बिजली से भविष्य में पूर्णतः मुफ्त बिजली की दिशा में अग्रसर करना है।
उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक पुरंदर मिश्रा ने इस ऐतिहासिक और दूरगामी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का क्षेत्रवासियों की ओर से हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा और प्रदेश की आम जनता को आर्थिक राहत देने के साथ-साथ सौर ऊर्जा अपनाने का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने आशा जताई कि इस योजना से जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा और प्रदेश में सस्टेनेबल एनर्जी को बढ़ावा मिलेगा।