कार्यक्रम का शुभारंभ राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पाण्डेय ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नगर पंचायत बोड़ला के अध्यक्ष विजय पाटिल, उपाध्यक्ष लव कुमार निर्मलकर, सांसद प्रतिनिधि नरेश चंद्रवंशी, जनपद सदस्य यशवंत सिंह, जनपद सदस्य प्रतिनिधि सुकलाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण से हुई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में शामिल वरिष्ठ नागरिकों की बीपी, शुगर, नेत्र और दंत संबंधी जांच की। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड, वयोवंदन कार्ड और टीबी, कुष्ठ रोग तथा मलेरिया सहित स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक पाटले, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मंथन पाण्डेय, आकांक्षा लिखार, अमित पटेल और भूपेंद्र कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी और परामर्श प्रदान किया। शिविर के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के कानूनी अधिकारों को लेकर भी जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कबीरधाम से उपस्थित विधिक सलाहकार सालिकराम बांधवे ने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, संरक्षण और भरण-पोषण से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया।
उपसंचालक समाज कल्याण अभिलाषा पण्डा ने अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज कल्याण विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि सांसद संतोष पाण्डेय ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और परिवार तथा समाज में उनकी भूमिका को रेखांकित किया। इसके बाद उन्होंने उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को वॉकिंग स्टिक भी वितरित की गई।
आयोजन के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ उनके स्वास्थ्य, अधिकारों और कल्याण से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराई गईं। बैगा बाहुल्य क्षेत्र में आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम के अंत में उपसंचालक समाज कल्याण अभिलाषा पण्डा ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत बोड़ला के सीईओ योगेश वर्मा, बीएमओ डॉ. पुरुषोत्तम राजपूत, नगर पंचायत बोड़ला के सीएमओ प्रणव प्रवेश प्रधान, नायब तहसीलदार अर्जुन साव, अधीक्षक देवकुमार कौशिक सहित समाज कल्याण विभाग और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।