रायपुर में चोरी का सामान खरीदने वाला कबाड़ी गिरफ्तार, 82 हजार का मशरूका बरामद

रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से चोरी हुए 82 हजार रुपये के बिजली सामान, ग्राइंडर और ड्रिल मशीन मामले में पुलिस ने दो अपचारी बालकों और कबाड़ी संचालक गणेश उर्फ आसिफ खान को गिरफ्तार किया है। चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया है।

May 16, 2026 - 18:45
 0  5
रायपुर में चोरी का सामान खरीदने वाला कबाड़ी गिरफ्तार, 82 हजार का मशरूका बरामद

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l रायपुर पुलिस ने टिकरापारा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से चोरी हुए बिजली सामान और मशीनों के मामले का खुलासा करते हुए चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी संचालक को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। मामले में दो अपचारी बालकों की भी पहचान कर उन्हें बाल संरक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 82 हजार रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 14 मई 2026 की है। प्रार्थी रविकांत वर्मा ने टिकरापारा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मठपुरैना स्थित निर्माणाधीन मकान से ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन और बड़ी मात्रा में बिजली वायर चोरी हो गए हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 82 हजार रुपये बताई गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटित ने थाना टिकरापारा पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर दो नाबालिग लड़कों की पहचान की। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दोनों अपचारी बालकों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को स्वीकार करते हुए बताया कि वे चोरी का सामान एक्टिवा वाहन से शंकर नगर क्षेत्र में ले गए थे और वहां स्थित एक कबाड़ी दुकान में बेच दिया था।

अपचारी बालकों की निशानदेही पर पुलिस ने शंकर नगर स्थित कबाड़ी दुकान में छापा मारकर संचालक गणेश उर्फ आसिफ खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दुकान से चोरी की ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन और बिजली वायर बरामद किए। आरोपी कबाड़ी चोरी का सामान खरीदकर अपने पास छिपाकर रखा हुआ था।

पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन, चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त रकम और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी गणेश उर्फ आसिफ खान को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि दोनों अपचारी बालकों को बाल संरक्षण गृह भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गणेश उर्फ आसिफ खान, निवासी अमन नगर मोवा रेलवे क्रॉसिंग के पास थाना पंडरी रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

रायपुर पुलिस ने कहा कि शहर में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार नजर रखी जा रही है। चोरी का सामान खरीदने और बेचने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।