रायपुर पुलिस ने 5.65 करोड़ के मादक पदार्थों का किया नष्टीकरण, नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में 97 प्रकरणों में जब्त लगभग 5.65 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया गया। गांजा, चरस, ब्राउन शुगर, एमडीएमए और कोकेन सहित विभिन्न ड्रग्स को कानूनी प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सेंट्रल जोन के विभिन्न थानों में दर्ज 97 प्रकरणों में जब्त लगभग 5 करोड़ 65 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया। यह कार्रवाई सिलतरा स्थित एम/एस एसएमएस वॉटरग्रेस एनवायरोप्रोटेक्ट प्राइवेट लिमिटेड में जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की निगरानी में संपन्न हुई।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्रवाई की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन आईपीएस उमेश प्रसाद गुप्ता ने की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल और जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
नष्टीकरण की कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थ नष्ट किए गए। इनमें 65 प्रकरणों में जब्त लगभग 494 किलोग्राम गांजा, 22 मामलों में 11 हजार 964 कैप्सूल और टेबलेट, 5 मामलों में 11.217 किलोग्राम चरस, 2 मामलों में 31.95 ग्राम ब्राउन शुगर, 2 मामलों में 24.24 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स तथा एक मामले में 8.19 ग्राम कोकेन शामिल था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे नष्टीकरण कार्य से पहले पर्यावरणीय स्वीकृति, एनओसी और अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की गई थीं। पूरी कार्रवाई पर्यावरणीय और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए की गई। इसके साथ ही संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और दस्तावेजीकरण भी कराया गया, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ अभियान केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे अवैध नेटवर्क को समाप्त करने की दिशा में बहुआयामी रणनीति पर काम किया जा रहा है। पुलिस लगातार मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और अवैध कारोबार में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। साथ ही आदतन अपराधियों के खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस कानून के तहत निरोधात्मक कार्रवाई और वित्तीय जांच भी की जा रही है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जब्त मादक पदार्थों का समयबद्ध और विधिसम्मत नष्टीकरण नशे के पूरे तंत्र को कमजोर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे अवैध मादक पदार्थों के दोबारा बाजार में पहुंचने की संभावना समाप्त हो जाती है और नशा तस्करों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।
रायपुर पुलिस ने कहा कि केंद्रीय और राज्य शासन की मंशा के अनुरूप नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का लक्ष्य सुरक्षित, स्वस्थ और नशामुक्त समाज का निर्माण करना है, जिसके लिए सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।