कबीरधाम पुलिस की सख्त कार्यवाही: थाना पंडरिया में अवैध शराब, जुआ और स्थाई वारंटियों पर कसा शिकंजा
थाना पंडरिया पुलिस ने विगत 15 दिनों में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और स्थाई वारंटियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाकर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया और बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री जब्त की।
UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम। जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से थाना पंडरिया पुलिस द्वारा विगत 15 दिनों से निरंतर सख्त एवं प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पंडरिया भूपत के पर्यवेक्षण में यह अभियान संचालित किया गया।
अवैध शराब के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान के तहत थाना पंडरिया पुलिस द्वारा आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कुल 08 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। इन मामलों में 08 आरोपियों से जुमला 26 लीटर 820 एमएल अवैध शराब जप्त की गई। साथ ही अवैध शराब के परिवहन में प्रयुक्त वाहनों को भी जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्यवाही की गई। पुलिस की इस सख्ती से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
जुआ एवं सट्टा जैसी सामाजिक बुराइयों पर अंकुश लगाने के लिए भी थाना पंडरिया पुलिस द्वारा प्रभावी कदम उठाए गए। जुआ एक्ट के अंतर्गत 02 अलग-अलग प्रकरणों में कुल 07 जुआड़ियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से जुमला 15,420 रुपए नगद जप्त कर संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्यवाही की।
इसके अतिरिक्त न्यायालयीन आदेशों के पालन एवं लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ हेतु चलाए गए विशेष अभियान के अंतर्गत थाना पंडरिया पुलिस द्वारा कुल 11 स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। इन गिरफ्तारियों से क्षेत्र में कानून के प्रति भय एवं अनुशासन की भावना और अधिक मजबूत हुई है।
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं फरार आरोपियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त, सतत एवं प्रभावी कार्यवाही जारी रहेगी। पुलिस की इस मुहिम का उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।