पायलट प्रोजेक्ट के तहत विद्यार्थियों को मिली मृदा स्वास्थ्य की वैज्ञानिक जानकारी

कवर्धा जिले में कृषि विभाग द्वारा पायलट प्रोजेक्ट ऑन स्कूल सॉयल हेल्थ कार्यक्रम का आयोजन कर विद्यार्थियों को मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, सॉयल हेल्थ कार्ड और वैज्ञानिक खेती की व्यावहारिक जानकारी दी गई।

Jan 29, 2026 - 17:35
 0  7
पायलट प्रोजेक्ट के तहत विद्यार्थियों को मिली मृदा स्वास्थ्य की वैज्ञानिक जानकारी

UNITED NEWS OF ASIA.कवर्धा। कृषि विभाग द्वारा “पायलट प्रोजेक्ट ऑन स्कूल सॉयल हेल्थ” कार्यक्रम के अंतर्गत 27 जनवरी को पीएम  स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पोड़ी एवं पीएम  स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पंडरिया में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्कूली छात्र-छात्राओं को मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, सॉयल हेल्थ कार्ड एवं वैज्ञानिक खेती की मूलभूत जानकारियों से अवगत कराना रहा।

कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. बी.पी. त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को मृदा स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वस्थ मृदा ही अच्छी फसल उत्पादन की आधारशिला होती है। विषय वस्तु विशेषज्ञ  बी.एस. परिहार एवं  सी.पी. रहंगडाले ने सॉयल हेल्थ कार्ड की उपयोगिता, मृदा नमूना संग्रहण की सही विधि, नमूनों के परीक्षण तथा संतुलित मात्रा में उर्वरकों के प्रयोग पर प्रकाश डाला।

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि मृदा परीक्षण के आधार पर फसल चयन करने से खेती की लागत कम होती है और उत्पादन में वृद्धि संभव होती है। साथ ही जैविक खाद एवं संतुलित उर्वरकों के उपयोग से मृदा की उर्वरता लंबे समय तक बनाए रखी जा सकती है। कृषि विभाग के डिप्टी प्रोजेक्ट डायरेक्टर (आत्मा)  सुशील कुमार वर्मा ने स्कूल सॉयल हेल्थ कार्ड की अवधारणा को सरल शब्दों में समझाते हुए विद्यार्थियों को मृदा संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रयोगशाला तकनीशियन  कृति सलूजा एवं  जानकी पैकरा द्वारा विद्यार्थियों को मृदा नमूना विश्लेषण का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान मृदा पीएच परीक्षण सहित 12 विभिन्न मृदा पैरामीटर की जांच प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया, जिससे विद्यार्थियों को वैज्ञानिक पद्धति का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम में कृषि विषय पर विद्यार्थियों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें कबीरधाम जिले की मृदा संरचना, फसल अनुकूलता एवं मृदा परीक्षण के लाभों पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका वैज्ञानिकों ने सहजता से समाधान किया।

इस अवसर पर पीएम  स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पोड़ी के प्राचार्य  संजय गुप्ता, पीएम स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पंडरिया के प्राचार्य श्री विकास शुक्ला, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री एल.एस. जमरे, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी  सौरभ झा सहित शिक्षकगण एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।