वनांचल क्षेत्र में कबीरधाम पुलिस की अनूठी पहल: अस्थायी स्कूल बंदूकुंदा में फहराया तिरंगा, शिक्षा और विश्वास को मिली मजबूती

कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्र बंदूकुंदा में गणतंत्र दिवस के अवसर पर कबीरधाम पुलिस द्वारा संचालित अस्थायी प्राथमिक स्कूल में ध्वजारोहण किया गया, जिससे सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से शिक्षा और विश्वास को नई मजबूती मिली।

Jan 29, 2026 - 17:43
 0  15
वनांचल क्षेत्र में कबीरधाम पुलिस की अनूठी पहल: अस्थायी स्कूल बंदूकुंदा में फहराया तिरंगा, शिक्षा और विश्वास को मिली मजबूती

UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम। जिले में 76वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। शहर से लेकर वनांचल क्षेत्रों तक राष्ट्रीय पर्व पूरे गरिमामय ढंग से आयोजित किए गए। विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान गाया गया तथा संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया। इसी क्रम में कबीरधाम पुलिस द्वारा वनांचल क्षेत्र में सामुदायिक पुलिसिंग का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया गया।

पुलिस अधीक्षक  धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  पुष्पेन्द्र सिंह बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  अमित पटेल के मार्गदर्शन में झलमला थाना क्षेत्र के ग्राम बंदूकुंदा स्थित पुलिस द्वारा संचालित अस्थायी प्राथमिक स्कूल परिसर में तिरंगा ध्वज फहराया गया। यह विद्यालय सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य वनांचल क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव रखना है।

ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्कूली बच्चों, ग्रामीणों एवं उपस्थित जनसमुदाय को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने संविधान के मूल आदर्शों, शिक्षा के महत्व तथा राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम को और अधिक भावपूर्ण बनाने के लिए बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत, कविता पाठ एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिसने उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर बच्चों को मिठाई वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। एसडीओपी नक्सल श्री कृष्णा चंद्राकर ने बताया कि बंदूकुंदा एवं आसपास का क्षेत्र पूर्व में नक्सल प्रभावित रहा है, किंतु पुलिस विभाग की सतत सक्रियता, जनसंपर्क और सामुदायिक पुलिसिंग की सकारात्मक पहल से अब यहाँ शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण स्थापित हो चुका है।

ग्रामीणों ने भी पुलिस विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से न केवल बच्चों का भविष्य संवर रहा है, बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच आपसी विश्वास भी मजबूत हो रहा है। गणतंत्र दिवस के इस पावन अवसर पर सभी ने देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति अपनी निष्ठा दोहराते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में सहभागी बनने का संकल्प लिया।