खमतराई पुलिस की कार्रवाई: 89 पौव्वा देशी मसाला शराब के साथ प्रदीप तिवारी गिरफ्तार
रायपुर पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ अभियान के तहत खमतराई थाना क्षेत्र से प्रदीप तिवारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 89 पौव्वा देशी मसाला शराब (16.020 बल्क लीटर) जप्त की गई, जिसकी कीमत लगभग ₹8,900 है। उसके खिलाफ 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, रायपुर। रायपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए खमतराई थाना क्षेत्र में दबिश देकर एक व्यक्ति को भारी मात्रा में देशी मसाला शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 89 पौव्वा देशी मसाला शराब बरामद की है, जिसकी कुल मात्रा 16.020 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत ₹8,900 बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर एवं क्राइम) तथा नगर पुलिस अधीक्षक उरला के मार्गदर्शन में खमतराई थाना पुलिस लगातार नशा कारोबारियों पर नकेल कसने की कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि रावांभाठा स्थित डेरापारा, बंजारी नगर इलाके में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री के लिए रखे हुए है।
सूचना के आधार पर थाना खमतराई की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापा मारा। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा, जिसकी पहचान प्रदीप तिवारी पिता शिवबरन तिवारी (उम्र 42 वर्ष, निवासी डेरापारा, बंजारी नगर, रावांभाठा, रायपुर) के रूप में हुई। आरोपी के पास से सफेद प्लास्टिक बोरी में भरी 89 पौव्वा देशी मसाला शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर ही शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1171/25 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
रायपुर पुलिस ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जो भी व्यक्ति अवैध शराब या किसी प्रकार के नशे के कारोबार में संलिप्त पाया जाएगा, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई पुलिस की उस नीति का हिस्सा है, जिसके तहत शहर में नशा व्यापार को जड़ से समाप्त करने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।