सुशासन तिहार के आवेदनों का तेजी से निराकरण करें, आमजन का विश्वास बढ़ाएं: कलेक्टर

बिलासपुर में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सुशासन तिहार के लंबित आवेदनों के शीघ्र निराकरण, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों के समयबद्ध समाधान, खाद-बीज की उपलब्धता, स्कूलों की तैयारियों, पीएम सूर्यघर योजना और वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

Jun 9, 2026 - 15:12
 0  4
सुशासन तिहार के आवेदनों का तेजी से निराकरण करें, आमजन का विश्वास बढ़ाएं: कलेक्टर

UNITED NEWS OF ASIA. विशु तिवारी, बिलासपुर l कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) बैठक में जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित मामलों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में सुशासन तिहार, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, राजस्व प्रकरण, शिक्षा, कृषि, ऊर्जा, वृक्षारोपण और विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

कलेक्टर ने सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए कहा कि लंबित प्रकरणों का जल्द समाधान किया जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के 32 विभागों द्वारा 80 प्रतिशत से अधिक आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदकों से दूरभाष पर संपर्क कर उन्हें की जा रही कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए, ताकि शासन और प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो सके

बैठक में हाल के दिनों में बढ़ी अग्नि दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की गई। कलेक्टर ने कहा कि क्षमता से अधिक विद्युत भार का उपयोग और पुरानी विद्युत वायरिंग आग लगने की प्रमुख वजह बन रही है। उन्होंने विद्युत विभाग को सुरक्षा संबंधी जनजागरूकता अभियान चलाने तथा आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि नियमित साप्ताहिक पेशियों के माध्यम से ऐसे मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के संबंध में भी अधिकारियों को प्रतिदिन पोर्टल की निगरानी कर समय-सीमा के भीतर समाधान करने के निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए नगरीय निकायों और बड़े गांवों में विशेष शिविर आयोजित करने को कहा। इसके साथ ही विभिन्न विभागों में प्रस्तावित भर्तियों की प्रक्रिया को अधिकतम ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने और छह माह के भीतर भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने का प्रयास करने के निर्देश दिए गए।

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष खाद और बीज का भंडारण एवं वितरण पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर रहा है। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी सेवा सहकारी समिति में खाद और बीज की कमी नहीं होनी चाहिए। साथ ही नकली खाद और बीज की बिक्री पर सख्त निगरानी रखने को कहा गया।

शिक्षा विभाग की समीक्षा में 16 जून से प्रारंभ होने वाले नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने प्रवेश उत्सव की तैयारी, विद्यालयों की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर भवनों को चिन्हित कर उनमें कक्षाएं संचालित नहीं करने को भी कहा।

बैठक में जुलाई माह में प्रस्तावित व्यापक वृक्षारोपण अभियान की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के लिए लाखों पौधे तैयार किए जा चुके हैं। कलेक्टर ने सभी विभागों को पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।