सेवा सेतु शिविर से रायपुर दक्षिण के 6,331 हितग्राही लाभान्वित, योजनाओं का मिला लाभ
रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अश्विनी नगर स्थित महाराष्ट्रीयन तेली समाज भवन में आयोजित विधानसभा स्तरीय सेवा सेतु शिविर से 6,331 हितग्राही विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं से लाभान्वित हुए। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शिविर का अवलोकन किया, जबकि विधायक सुनील सोनी ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अश्विनी नगर स्थित महाराष्ट्रीयन तेली समाज भवन में विधानसभा स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। इस शिविर से कुल 6,331 हितग्राही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए। वहीं 180 हितग्राहियों को योजनाओं के लाभ एवं स्वीकृति से संबंधित दस्तावेज मौके पर वितरित किए गए।
शिविर में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और हितग्राहियों से संवाद कर उन्हें मिल रहे योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु के माध्यम से शासन नागरिकों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और समय की भी बचत हो रही है। उन्होंने अधिकारियों से पात्र हितग्राहियों को संवेदनशीलता के साथ योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक 4, 5 और 6 के अंतर्गत आने वाले 17 वार्डों के नागरिकों के लिए विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। विधायक सुनील सोनी ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और हितग्राहियों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र हितग्राही शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 279 हितग्राही लाभान्वित हुए। इनमें 15 हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। राशन कार्ड से 36 हितग्राही लाभान्वित हुए, जबकि 15 हितग्राहियों को मौके पर राशन कार्ड दिए गए। इसके अलावा नल कनेक्शन, पेंशन योजना, विवाह पंजीयन और ट्रेड अनुज्ञप्ति सहित नगर निगम की विभिन्न सेवाओं का लाभ भी नागरिकों को मिला।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से 943 हितग्राहियों को आय प्रमाण पत्र, 71 को जाति प्रमाण पत्र और 146 को निवास प्रमाण पत्र से संबंधित लाभ मिला। बाढ़ आपदा राहत के तहत 292 हितग्राही लाभान्वित हुए। शिविर में 40 आय प्रमाण पत्र, 20 जाति प्रमाण पत्र, 20 निवास प्रमाण पत्र और 60 हितग्राहियों को बाढ़ आपदा राहत के चेक वितरित किए गए।
श्रम विभाग की योजनाओं से भी बड़ी संख्या में श्रमिक परिवार लाभान्वित हुए। निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तक-कॉपी सहायता योजना से 1,153 हितग्राही, मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना से 328, मुख्यमंत्री सायकल सहायता योजना से 236 और मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना से 195 हितग्राही लाभान्वित हुए। इसके अलावा श्रमिक सुरक्षा उपकरण, मिनीमाता महतारी जतन, नोनी बाबू मेधावी शिक्षा और नोनी सशक्तिकरण सहित अन्य योजनाओं का लाभ भी दिया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की नोनी सुरक्षा योजना से 84 हितग्राही लाभान्वित हुए। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से शिशुओं का अन्नप्राशन कराया गया। वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क बस यात्रा पास और पात्र आवेदकों को ड्राइविंग लाइसेंस भी प्रदान किए गए। शिविर में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।