कबीरधाम में घर-घर जला आशीर्वाद का दीया, योजनाओं के लाभार्थियों ने जताया आभार
कबीरधाम जिले के ग्रामीण और सुदूर वनांचल क्षेत्रों में विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित परिवारों ने अपने घर-आंगन में आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित किया। पीएम आवास, विकसित भारत जी राम जी योजना, स्वच्छ भारत मिशन और लखपति दीदी योजना के लाभार्थियों ने योजनाओं से मिले लाभ और जीवन में आए बदलाव के प्रति आभार जताया।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले के ग्रामीण और सुदूर वनांचल क्षेत्रों में 18 सितंबर को बड़ी संख्या में परिवारों ने अपने घर-आंगन में आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित परिवारों ने सहभागिता की। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान, लखपति दीदी तथा विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन ग्रामीण के हितग्राहियों ने दीप जलाकर योजनाओं से मिले लाभ और जीवन में आए बदलाव को साझा किया।
जिले में विकसित भारत जी राम जी योजना से जुड़े 1 लाख 70 हजार 498 ग्रामीण परिवारों ने भी अपने घरों में दीप प्रज्वलित किए। योजना के तहत 125 दिनों के रोजगार और प्रतिदिन 300 रुपये मजदूरी भुगतान के प्रावधान को लेकर हितग्राहियों ने आभार व्यक्त किया। जिले में इस योजना के अंतर्गत कुल 3 लाख 61 हजार 652 ग्रामीण पंजीकृत बताए गए हैं। जल संरक्षण और आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों के तहत बनाए गए 111 अमृत सरोवर और 466 आजीविका डबरी के हितग्राहियों ने भी इस अवसर पर दीप जलाया। वहीं पिछले वर्ष जिले में रोजगार प्राप्त करने वाली 1 लाख 31 हजार 139 ग्रामीण महिलाओं ने भी अभियान में सहभागिता की।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत जिले में 86 हजार 920 परिवारों को पक्के आवास का लाभ मिलने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा प्रधानमंत्री जनमन योजना के 6 हजार 14 और मुख्यमंत्री आवास योजना के 1 हजार 124 परिवारों सहित कुल 94 हजार 58 परिवारों को पक्के घर का लाभ मिलने की बात कही गई है। इन परिवारों ने अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर पक्के आवास मिलने की खुशी साझा की। ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में आवास योजनाओं से मिले लाभ को लेकर परिवारों में उत्साह देखने को मिला।
महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी महिलाओं ने भी आशीर्वाद का दीया जलाया। जिले में बिहान के तहत 10 हजार 623 महिला स्व-सहायता समूह संचालित होने और इनमें 1 लाख 13 हजार 718 महिलाओं के जुड़े होने की जानकारी दी गई। इनमें से 47 हजार 560 महिलाओं के लखपति दीदी बनने का उल्लेख किया गया। इन महिलाओं ने आर्थिक आत्मनिर्भरता, आजीविका के अवसर और सामाजिक सम्मान में आए बदलाव के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले में 88 हजार 213 ग्रामीण परिवारों को व्यक्तिगत शौचालय का लाभ मिलने की जानकारी दी गई। प्रशासन के अनुसार शौचालय निर्माण और उपयोग से जिले को खुले में शौच मुक्त बनाने की दिशा में प्रगति हुई है। 688 गांवों में कचरा कलेक्शन का कार्य जारी है, जबकि 4,188 महिलाओं को स्वच्छाग्राही के रूप में चिन्हांकित किया गया है। 62 ग्राम पंचायतों में कार्यरत 372 स्वच्छाग्राहियों ने भी दीप प्रज्वलित किया।