उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सुकमा जिले के ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से की मुलाकात, गांवों के समग्र विकास और वनोपज से आजीविका पर हुई चर्चा
उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने रायपुर में प्रशिक्षण के लिए आए सुकमा जिले के 75 ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान गांवों के समग्र विकास, वनोपज संग्रहण-विपणन, आजीविका संवर्धन और विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर | उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रशिक्षण प्राप्त करने रायपुर आए सुकमा जिले के 75 ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के दल से मुलाकात की। इस दल में सुकमा जिले के ग्राम सरपंच, उपसरपंच एवं पंच शामिल थे। उपमुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनके ग्रामों की समस्याओं, आवश्यकताओं एवं विकास कार्यों की जानकारी ली।
मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री ने गांवों के समग्र विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की और कहा कि शांति बहाल होने के साथ-साथ विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ गांवों तक पहुंचाने की अपील की।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने विशेष रूप से वनोपज के संग्रहण एवं विपणन पर चर्चा की। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि वर्तमान में वे वनोपज को स्थानीय बिचौलियों के माध्यम से बेचते हैं, जिससे उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल पाता। इस पर उपमुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि ग्रामों के युवाओं के माध्यम से वनोपज का संग्रहण कराकर शासन के सहयोग से बड़े बाजारों तक पहुंचाया जाए, ताकि वनोत्पादों का बेहतर मूल्य मिल सके।
उन्होंने वनोपज के स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण एवं मूल्यवर्धन पर जोर देते हुए कहा कि इससे गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और ग्रामीणों की आय में वृद्धि होगी। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम से 10-10 लोगों को हैदराबाद जैसे बड़े बाजारों में शैक्षणिक भ्रमण कराया जाए, ताकि वे प्रसंस्करण और मूल्यवर्धन की आधुनिक तकनीकों को समझ सकें।
उपमुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों को इलवद पंचायत योजना का लाभ उठाने, गांवों में शांति एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ग्रामों में बिहान योजना, बैंकिंग सुविधा, सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं और बस्तर ओलंपिक जैसे विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की।
ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने गांवों की समस्याएं उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखीं, जिस पर उन्होंने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर पंचायत विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह भी उपस्थित रहीं।
यह मुलाकात सुकमा जिले के गांवों के विकास और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।