जोरा मुक्तिधाम का होगा शीघ्र सौंदर्यीकरण, वार्ड 51 में बनेगी नई सीसी रोड, विधायक अनुज शर्मा एवं महापौर मीनल चौबे ने किया भूमिपूजन
धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 51 में जोरा मुक्तिधाम के सौंदर्यीकरण एवं नई सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन विधायक अनुज शर्मा एवं महापौर मीनल चौबे द्वारा किया गया। जोरा मुक्तिधाम में 60 लाख रुपये तथा सीसी रोड निर्माण पर 8.68 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य किए जाएंगे।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर | धरसींवा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रायपुर नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 9 के लालबहादुर शास्त्री वार्ड क्रमांक 51 में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। वार्ड क्षेत्र स्थित जोरा मुक्तिधाम के सौंदर्यीकरण एवं पंजाब केसरी भवन के समीप नवीन सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन धरसींवा विधायक अनुज शर्मा एवं रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे के करकमलों से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जानकारी दी गई कि राज्य प्रवर्तित योजना अंतर्गत जोरा मुक्तिधाम के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए 60 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाएगा। वहीं वार्ड क्रमांक 51 क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से पंजाब केसरी भवन के समीप अधोसंरचना मद अंतर्गत 8 लाख 68 हजार रुपये की लागत से नवीन सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा।
जोरा मुक्तिधाम में शेड निर्माण, बाउंड्रीवाल निर्माण, लैंडस्केपिंग सहित विभिन्न आवश्यक सौंदर्यीकरण कार्य कराए जाएंगे, जिससे अंतिम संस्कार हेतु आने वाले नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी और परिसर का स्वरूप भी सुव्यवस्थित एवं सुंदर बनेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान नगर निगम लोक कर्म विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल, जोन क्रमांक 9 के जोन अध्यक्ष गोपेश साहू, वार्ड क्रमांक 51 की पार्षद रेणु जयंत साहू, जोन 9 के जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा सीनियर सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिलाएं, गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, नवयुवक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासी उपस्थित रहे।
विधायक अनुज शर्मा एवं महापौर मीनल चौबे ने श्रीफल फोड़कर एवं कुदाल चलाकर विधिवत भूमिपूजन करते हुए कार्यों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वार्ड क्रमांक 51 में स्वीकृत सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र प्रारंभ कराया जाए।
महापौर मीनल चौबे ने जोन कमिश्नर को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करते हुए जनहित एवं जनसुविधा के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
विधायक अनुज शर्मा ने भी कहा कि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और जोरा मुक्तिधाम तथा सीसी रोड जैसे कार्य वार्ड के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।