मॉर्निंग वॉक करने वालों से नहीं लिया जाएगा पार्किंग शुल्क, होटल-रेस्टोरेंट में समय बिताने वालों पर लगेगा नाममात्र शुल्क – महापौर मीनल चौबे

तेलीबाँधा तालाब मरीन ड्राइव में मॉर्निंग वॉक करने आने वाले नागरिकों से अब कोई भी पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाएगा। महापौर मीनल चौबे ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करते हुए सैकड़ों मॉर्निंग वॉकर्स को तत्काल राहत दिलाई और स्पष्ट किया कि व्यवस्था आम नागरिकों की सुविधा के लिए है, मुनाफे के लिए नहीं।

Feb 1, 2026 - 15:10
 0  6
मॉर्निंग वॉक करने वालों से नहीं लिया जाएगा पार्किंग शुल्क, होटल-रेस्टोरेंट में समय बिताने वालों पर लगेगा नाममात्र शुल्क – महापौर मीनल चौबे

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर | नगर पालिक निगम की महापौर  मीनल चौबे ने तेलीबाँधा तालाब मरीन ड्राइव में मॉर्निंग वॉक करने वाले नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुबह नियमित रूप से टहलने आने वाले लोगों से किसी भी प्रकार का वाहन पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मॉर्निंग वॉक करने वालों का सम्मान है और उनसे शुल्क वसूलना पूरी तरह अनुचित है।

महापौर  मीनल चौबे आज नगर निगम के एमआईसी सदस्यों एवं अधिकारियों के साथ तेलीबाँधा तालाब मरीन ड्राइव स्थित वाहन पार्किंग स्थल पहुंचीं और वहां पार्किंग व्यवस्था का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में आने वाले मॉर्निंग वॉकर्स को तत्काल पार्किंग शुल्क से पूर्ण राहत दिलवाई।

निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य सर्व मनोज वर्मा, अवतार भारती बागल, दीपक जायसवाल, संतोष सीमा साहू, अमर गिदवानी, पार्षद  प्रदीप वर्मा, उपायुक्त राजस्व  जागृति साहू, जोन क्रमांक-3 के कार्यपालन अभियंता श्री ईश्वर लाल टावरे, सहायक अभियंता  नरेश साहू, उप अभियंता अक्षय भारद्वाज एवं बाजार विभाग के आकाश झा उपस्थित रहे।

महापौर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मरीन ड्राइव तेलीबाँधा तालाब क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक करने आने वाले किसी भी नागरिक को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नगर निगम परिषद का उद्देश्य किसी भी प्रकार का मुनाफा कमाना नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाना है।

चौबे ने कहा कि जो लोग होटल, रेस्टोरेंट में घंटों समय बिताते हैं और अपने वाहन अव्यवस्थित रूप से खड़े कर यातायात बाधित करते हैं, उनसे नाममात्र शुल्क लिया जाना पूरी तरह जायज है। यह छोटा सा योगदान शहर की व्यवस्था को बेहतर और सुव्यवस्थित बनाने में मदद करेगा।

उन्होंने बताया कि मरीन ड्राइव क्षेत्र में दिनभर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों के कारण सड़क यातायात बाधित होता है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी होती है। नगर निगम द्वारा बनाई जा रही नई पार्किंग व्यवस्था से यहां दिनभर सड़क आवागमन सुगम और व्यवस्थित बना रहेगा।

महापौर ने यह भी कहा कि निगम परिषद सुझाव और संवाद के माध्यम से नागरिकों के साथ मिलकर कार्य करेगी, ताकि मरीन ड्राइव जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्था को प्राथमिकता दी जा सके।