यह भूमिपूजन कार्यक्रम छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिला अंतर्गत आने वाले ग्राम मानिकचौरी तथा ग्राम पंचायत भेदली के आश्रित ग्राम खैरझिटी खुर्द में आयोजित किया गया। स्वीकृत राशि आपदा प्रबंधन योजना के अंतर्गत प्रदान की गई है, जिससे ग्रामीण अंचलों में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ किया जा सके।
स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत ग्राम मानिकचौरी में तीन अलग-अलग स्थानों पर नलकूप खनन एवं पंप स्थापना का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही ग्राम के तालाब में पिचिंग एवं पचरी निर्माण कराया जाएगा, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों को सुरक्षित और सुव्यवस्थित जल संरचना उपलब्ध हो सकेगी। वहीं ग्राम खैरझिटी खुर्द में सीसी रोड एवं पुलिया निर्माण कार्य किया जाएगा, जिससे आवागमन की समस्या से निजात मिलेगी और ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा प्राप्त होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य डॉ. वीरेंद्र साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को गति मिल रही है। उन्होंने बताया कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, सड़क और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की है।
डॉ. साहू ने कहा कि मानिकचौरी और खैरझिटी खुर्द जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में नलकूप, सड़क, पुलिया और तालाब से जुड़े कार्य सीधे तौर पर आम जनता के जीवन स्तर में सुधार लाएंगे। पेयजल की उपलब्धता बढ़ेगी, बारिश के मौसम में आवागमन सुगम होगा और गांव के विकास को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष वीर सिंह धुर्वे, विधायक प्रतिनिधि डॉ. खेमराज साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील साहू, भागवत सेन, सरपंच रामनाथ मोहले, सरपंच सुनीति कौशिक, ग्राम पटेल उदय सिंह साहू, जनपद सदस्य तामेश्वर साहू, आसवन साहू, उरेंद्र गोलू साहू तथा धालेन्द्र साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने ग्रामीणों को विकास कार्यों की शुभकामनाएं दीं और भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी क्षेत्र में जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जाती रहेगी। ग्रामीणों ने भी सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि इन विकास कार्यों से गांव की बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।