दहेज और पैसों की मांग को लेकर पत्नी को प्रताड़ित करने का आरोप, आत्महत्या मामले में पति गिरफ्तार
जांजगीर जिले में दहेज और पैसों की मांग को लेकर पत्नी को लगातार प्रताड़ित करने के आरोप में पुलिस ने पति लव कुमार पटेल उर्फ मोटन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रताड़ना से परेशान होकर पत्नी श्रद्धा पटेल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसे मुखबिर की सूचना पर अकलतरा से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद एक नवंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. हितेश पाण्डेय, जांजगीर l छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले में पत्नी को दहेज और पैसों की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर पत्नी श्रद्धा पटेल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में आरोपी पति लव कुमार पटेल उर्फ मोटन घटना के बाद से फरार था। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उसे अकलतरा से हिरासत में लेकर पूछताछ की और एक नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना जांजगीर में मर्ग क्रमांक 53/2026 के तहत जांच की जा रही थी। ग्राम बिरगहनी स्थित बंधवा तालाब के पार नीम के पेड़ पर एक अज्ञात महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की। बाद में परिजनों ने मृतिका की पहचान श्रद्धा पटेल निवासी ग्राम सोठी के रूप में की।
मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फांसी से दम घुटना और मृत्यु की प्रकृति आत्महत्या बताई गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए मृतिका के पिता, माता, बहनों और अन्य परिजनों के बयान दर्ज किए।
परिजनों ने अपने बयानों में आरोप लगाया कि शादी के लगभग डेढ़ वर्ष बाद से ही लव कुमार पटेल अपनी पत्नी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा था। आरोप है कि वह अपनी जरूरतों और शराब पीने के लिए पैसे मांगता था तथा पत्नी पर मायके से पैसे लाने का दबाव बनाता था। पैसे नहीं लाने पर उसके साथ मारपीट किए जाने की बात भी परिजनों ने पुलिस को बताई। इसके अलावा आरोपी द्वारा पत्नी के चरित्र पर संदेह कर उसे परेशान करने का आरोप भी लगाया गया है।
परिजनों के मुताबिक, लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर श्रद्धा पटेल 30 अप्रैल 2026 को बलौदा स्थित किराये के मकान से कहीं चली गई थी। इसके अगले दिन, एक मई 2026 को उसका शव ग्राम बिरगहनी के बंधवा तालाब के पार नीम के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला था।
पुलिस ने जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर आरोपी पति के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने उसे अकलतरा से हिरासत में लिया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी लव कुमार पटेल उर्फ मोटन, उम्र 33 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 14, यादव मोहल्ला, ग्राम एरमशाही, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर को एक नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।