रायपुर में जीजा के घर लाखों की चोरी करने वाला सगा साला गिरफ्तार, 37 लाख के सोने के जेवर बरामद

रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में अपने सगे जीजा के सूने मकान से लाखों रुपये के जेवरात चोरी करने के आरोप में पुलिस ने 31 वर्षीय प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ऑनलाइन जुआ खेलने का आदी था और उस पर काफी कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने चोरी की योजना बनाई थी। आरोपी के कब्जे से करीब 25 तोला सोने के जेवरात, जिनकी कीमत लगभग 37 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किए गए हैं।

Nov 3, 2026 - 09:09
 0  3
रायपुर में जीजा के घर लाखों की चोरी करने वाला सगा साला गिरफ्तार, 37 लाख के सोने के जेवर बरामद

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली चोरी का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपने ही सगे जीजा के सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने मामले में आरोपी साले प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को ऑनलाइन जुआ खेलने की लत थी और उस पर काफी कर्ज हो गया था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अनिल शर्मा कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ के पद पर कोंडागांव में पदस्थ हैं और अपने परिवार के साथ वहीं रहते हैं। रायपुर के लक्ष्मी नगर, टिकरापारा स्थित उनके मकान के तीसरे तल पर उनका परिवार रहता है, जबकि पहली और दूसरी मंजिल पर उनके माता-पिता तथा बड़े भाई का परिवार निवास करता है।

बताया गया कि 28 अक्टूबर 2026 को मकान की साफ-सफाई करने वाली महिला काम पूरा करने के बाद ताला लगाकर चाबी अनिल शर्मा की मां सुमित्रा शर्मा को सौंपकर गई थी। इसके दो दिन बाद, 30 अक्टूबर की सुबह उनकी मां ने फोन कर मुख्य दरवाजे का ताला कटा होने और घर में चोरी होने की सूचना दी। रायपुर पहुंचने पर अनिल शर्मा ने देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और कमरे में रखी अलमारी तथा लॉकर भी क्षतिग्रस्त थे। अलमारी से सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों के साथ नकदी रकम गायब थी।

प्रार्थी की शिकायत पर टिकरापारा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1004/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रॉबिन्सन गुरिया की मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति मकान की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश करता और सीढ़ियों से तीसरी मंजिल की ओर जाता दिखाई दिया। पुलिस ने उसकी पहचान प्रार्थी के साले प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय के रूप में की। पूछताछ में शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन लगातार पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी कुछ दिन पहले अपनी बहन के साथ जीजा के घर दो दिन रुका था। इसी दौरान उसे घर में रखे सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों तथा नकदी की जानकारी हो गई थी। उसे यह भी पता था कि उसकी बहन कोंडागांव चली गई है। आरोपी ने छोटे ग्राइंडर मशीन की मदद से दरवाजे का ताला और कुंडी तोड़ी, फिर अलमारी का लॉकर तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर ली। पुलिस का कहना है कि संदेह से बचने के लिए आरोपी ने कुछ आभूषण वहीं छोड़ दिए और कपड़ों को व्यवस्थित कर दिया था।

पुलिस ने आरोपी प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय, उम्र 31 वर्ष, को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के करीब 25 तोला सोने के जेवरात बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लगभग 37 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी मूल रूप से महासमुंद जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के पंजाबीपारा का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के प्रिंस कॉलोनी, लक्ष्मी नगर, टिकरापारा में रह रहा था। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।