प्रोजेक्ट पुनर्जीवन: रायपुर में 1775 ट्री गार्ड और 382 कांक्रीट घेरों को हटाया गया, पौधों को मिला प्राकृतिक विकास का अवसर

रायपुर नगर निगम क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाए जा रहे प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के तहत अब तक करीब 1775 ट्री गार्ड और 382 स्थानों से कांक्रीट के घेरे एवं पेवर हटाए गए हैं। अभियान का उद्देश्य पौधों को प्राकृतिक रूप से विकसित होने, मिट्टी और पानी प्राप्त करने तथा पर्यावरण हितैषी वातावरण उपलब्ध कराना है।

Aug 13, 2026 - 15:28
 0  3
प्रोजेक्ट पुनर्जीवन: रायपुर में 1775 ट्री गार्ड और 382 कांक्रीट घेरों को हटाया गया, पौधों को मिला प्राकृतिक विकास का अवसर

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर रायपुर जिला प्रशासन द्वारा संचालित पर्यावरण हितैषी प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के तहत राजधानी में पौधों के प्राकृतिक विकास को बढ़ावा देने के लिए अभियान लगातार जारी है। जिला कलेक्टर गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र के सभी 10 जोनों में चिन्हित पौधों के चारों ओर लगाए गए ट्री गार्ड और कांक्रीट के घेरे एवं पेवर हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

पिछले दिनों राज्यपाल रमेन डेका द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यक्त की गई चिंता के बाद अभियान को और गति दी गई। नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में सभी 10 जोन कमिश्नरों द्वारा अपने-अपने जोन के वार्डों में ऐसे पौधों को चिन्हित किया गया, जो चारों ओर ट्री गार्ड, कांक्रीट के घेरे और पेवर से घिरे होने के कारण प्राकृतिक रूप से विकसित नहीं हो पा रहे थे।चिन्हित स्थानों पर पौधों को प्राकृतिक रूप से बढ़ने का अवसर देने के साथ उन्हें मिट्टी और पानी सहज रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ट्री गार्ड तथा कांक्रीट के घेरे एवं पेवर हटाए जा रहे हैं। नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न जोनों में अब तक करीब 1775 ट्री गार्ड और लगभग 382 स्थानों से कांक्रीट के घेरे एवं पेवर हटाए जा चुके हैं। यह अभियान सभी 10 जोनों में लगातार जारी है।नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने इस कार्य को प्राथमिकता में रखते हुए सभी जोन कमिश्नरों को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जोन कमिश्नरों की निगरानी में ऐसे सभी पौधों को चिन्हित कर उनके आसपास का अनावश्यक घेरा हटाया जा रहा है, ताकि पौधों को पर्याप्त जगह, मिट्टी, पानी और प्राकृतिक वातावरण मिल सके।

प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के माध्यम से प्रशासन का उद्देश्य शहर में हरित क्षेत्र को बढ़ावा देना और पौधों के संरक्षण के साथ उनके प्राकृतिक विकास को सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत हटाए जा रहे कांक्रीट और पेवर से पौधों की जड़ों को आवश्यक प्राकृतिक संसाधन मिलने में भी मदद मिलेगी।

जिला कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने रायपुर शहर के नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे पौधों के संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाएं। नागरिक पौधों को आवश्यकतानुसार पानी और खाद उपलब्ध कराकर उनके विकास में सहयोग कर सकते हैं।

प्रशासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों को पर्यावरण मित्र के रूप में सम्मानित करने की भी पहल की जाएगी। इसके माध्यम से शहरवासियों को पौधों के संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए प्रेरित किया जाएगा।

रायपुर नगर निगम के सभी 10 जोनों में चल रहे इस अभियान की आयुक्त संबित मिश्रा द्वारा नियमित मॉनिटरिंग और समीक्षा की जा रही है। जिला कलेक्टर गौरव कुमार सिंह के निर्देशानुसार अभियान की प्रगति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के माध्यम से अधिक से अधिक पौधों को प्राकृतिक रूप से विकसित होने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।