रायपुर में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 8 बड़े बकायादारों के व्यावसायिक परिसर सीलबंद
रायपुर नगर निगम जोन 8 के राजस्व विभाग ने वार्ड 1, 2 और 21 में वर्षों से बकाया राशि जमा नहीं करने वाले 8 बड़े बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई की। नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं करने पर व्यावसायिक परिसरों को सीलबंद किया गया। कार्रवाई के तुरंत बाद तीन बकायादारों ने कुल 5 लाख 24 हजार 171 रुपये की बकाया राशि का भुगतान कर दिया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l नगर निगम रायपुर के जोन 8 राजस्व विभाग ने वर्षों से बकाया राशि जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। डिमांड बिल, डिमांड नोटिस और अंतिम नोटिस जारी किए जाने के बावजूद बकाया राशि का भुगतान नहीं करने पर वार्ड क्रमांक 1, 2 और 21 क्षेत्र के 8 बड़े बकायादारों के संबंधित व्यावसायिक परिसरों को तत्काल सीलबंद किया गया।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के आदेशानुसार तथा अपर आयुक्त राजस्व लोकेश्वर साहू, उपायुक्त राजस्व अंजलि शर्मा और जोन 8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। सहायक राजस्व अधिकारी महादेव रक्सेल के मार्गदर्शन में राजस्व निरीक्षक राजेश मिश्रा, सहायक राजस्व निरीक्षक राकेश दुबे और शिवेन्द्र सिंग की मौजूदगी में राजस्व विभाग की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
जोन 8 के अधिकारियों के अनुसार वीर सावरकर नगर वार्ड क्रमांक 1 में 75,237 रुपये के बकायादार ओमप्रकाश तिवारी, 82,554 रुपये के बकायादार सुरेन्दर सिंग और 2,11,633 रुपये के बकायादार राहुल धारीवाल के संबंधित व्यावसायिक परिसरों को बकाया राशि जमा नहीं करने पर सीलबंद किया गया।
पंडित जवाहर लाल नेहरू वार्ड क्रमांक 2 में 5,02,813 रुपये के बकायादार रामानंद अग्रवाल के परिसर में सीलबंदी की कार्रवाई शुरू होते ही उन्होंने 2,63,064 रुपये की बकाया राशि का पार्ट पेमेंट कर दिया। वहीं 9,93,482 रुपये के बकायादार संतोषी देवी और रामनिवास के संबंधित व्यावसायिक परिसर को बकाया राशि जमा नहीं करने पर तत्काल सीलबंद कर दिया गया।
शहीद भगत सिंह वार्ड क्रमांक 21 में 1,68,613 रुपये के बकायादार रजिन्दर सिंग सब्बरवाल के संबंधित व्यावसायिक परिसर में स्थित 8 दुकानों को नगर निगम की टीम ने ताला लगाकर सीलबंद किया। इसके अलावा 1,70,707 रुपये के बकायादार अनुराग विज और 90,984 रुपये के बकायादार तेजेन्दर सिंग के खिलाफ भी सीलबंदी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान अनुराग विज और तेजेन्दर सिंग ने तत्काल अपना पूरा बकाया भुगतान कर दिया। दोनों ने क्रमशः 1,70,707 रुपये और 90,984 रुपये के धनादेश मौके पर ही नगर निगम जोन 8 राजस्व विभाग की टीम को सौंप दिए। वहीं रामानंद अग्रवाल द्वारा किए गए 2,63,064 रुपये के पार्ट पेमेंट को मिलाकर सीलबंदी कार्रवाई के बाद कुल 5,24,755 रुपये का भुगतान सामने आता है।
नगर निगम राजस्व विभाग ने स्पष्ट किया है कि लंबे समय से बकाया राशि जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग का उद्देश्य नगर निगम की बकाया राजस्व राशि की वसूली सुनिश्चित करना है।