स्वतंत्रता दिवस से पहले डॉ. शोभाराम देवांगन स्कूल मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल, 15 अगस्त को अजय चंद्राकर होंगे मुख्य अतिथि
धमतरी में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के एकलव्य खेल परिसर में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने परेड का निरीक्षण किया। 15 अगस्त को विधायक अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत जिला मुख्यालय स्थित डॉ. शोभाराम देवांगन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के एकलव्य खेल परिसर में 15 अगस्त समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल के दौरान कलेक्टर अबिनाश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय मौजूद रहे। अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई।
फुल ड्रेस रिहर्सल में पुलिस एवं नगर सैनिक की टुकड़ियों के साथ स्काउट-गाइड और एनसीसी के कैडेटों ने परेड प्रस्तुत कर सलामी दी। मुख्य अतिथि की भूमिका निभा रहीं अपर कलेक्टर ने परेड का निरीक्षण किया। रिहर्सल के दौरान 15 अगस्त को होने वाले मुख्य समारोह की व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति और संस्कृति से परिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का भी रिहर्सल किया गया। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिजनों का सम्मान भी किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त से पूर्व रात्रि तथा 15 अगस्त की रात्रि में सभी शासकीय एवं सार्वजनिक भवनों सहित राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर रोशनी की जाएगी।
अंतिम रिहर्सल के दौरान एसडीएम पीयूष तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। रिहर्सल सुबह 9 बजे शुरू हुई। अधिकारियों के अनुसार फुल ड्रेस रिहर्सल में वही व्यवस्थाएं रखी गईं, जो 15 अगस्त के मुख्य समारोह के दौरान रहेंगी।
जिला मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में कुरूद विधायक अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 8:55 बजे मुख्य अतिथि का आगमन होगा और 8:56 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। सुबह 9:02 बजे परेड की सलामी और गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।
इसके बाद सुबह 9:20 बजे अजय चंद्राकर मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन करेंगे। सुबह 9:44 बजे गुब्बारा उड़ाने एवं हर्ष फायर का कार्यक्रम होगा। 9:45 बजे परेड कमांडरों का परिचय कराया जाएगा। सुबह 9:56 बजे स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद परिजनों का सम्मान किया जाएगा।
सुबह 10 बजे से स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके बाद सुबह 10:30 बजे अजय चंद्राकर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित करेंगे। प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।