इसी क्रम में 25 फरवरी 2026 को ई/211 कंपनी द्वारा शासकीय प्राथमिक कन्या आश्रम शाला, शोभा के खेल मैदान में सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विजय प्रताप (कमांडेंट, 211 बटालियन), रंजन कुमार बहाली (द्वितीय कमान अधिकारी), इकबाल अहमद (उप कमांडेंट), डॉ. देविनेनि तपस्वनि (चिकित्सा अधिकारी) तथा संतोष कुमार (सहायक कमांडेंट) ने की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संजय नेताम, थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवार, ग्राम पंचायत शोभा के सरपंच घनश्याम मरकाम सहित ग्राम पंचायत गोना एवं अडगड़ी के जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे।
सिविक एक्शन कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत शोभा, गोना एवं अडगड़ी के अंतर्गत आने वाले गांवों के जरूरतमंद परिवारों एवं स्कूली बच्चों को टेलीविजन, कंबल, सोलर लालटेन, पानी भंडारण टंकी, गैंती-फावड़ा, साड़ी, लुंगी, गमछा, खेल सामग्री, बर्तन, चप्पल, स्कूल बैग, स्कूल ड्रेस एवं स्टेशनरी सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट विजय प्रताप ने कहा कि सीआरपीएफ द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर जन-कल्याण कार्यक्रम एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि स्थानीय नागरिकों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके और उनके जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम सुरक्षा बलों और ग्रामीणों के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी बन रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए सीआरपीएफ 211 बटालियन का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बन रहा है तथा विकास और शांति की दिशा में मजबूत कदम बढ़ रहे हैं।