नर्सिंग छात्रों से प्रैक्टिकल के नाम पर अतिरिक्त शुल्क मांगने का आरोप, जनता कांग्रेस ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन
रायपुर के सी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग में बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों से प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर अतिरिक्त शुल्क मांगने का आरोप लगा है। विद्यार्थियों की शिकायत पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान ने विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच, अतिरिक्त वसूली पर रोक और विद्यार्थियों की राशि वापस कराने की मांग की है। संगठन ने विश्वविद्यालय के 28 जनवरी 2026 के आदेश का हवाला देते हुए अतिरिक्त शुल्क वसूली को नियमों के विपरीत बताया है।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित सी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग में बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों से प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर अतिरिक्त शुल्क मांगे जाने का मामला सामने आया है। विद्यार्थियों की शिकायत के बाद जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने इस मुद्दे को उठाते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। संगठन के प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय, रायपुर के कुलपति से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और मामले की तत्काल जांच कराने की मांग की।
जनता कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विद्यार्थियों ने शिकायत की थी कि उनसे प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर एक विषय के लिए 1,000 रुपये और दूसरे विषय के लिए 1,500 रुपये तक की अतिरिक्त राशि मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद निलेश चौहान शुक्रवार को कॉलेज पहुंचे थे। वहां उन्होंने विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और कॉलेज प्रबंधन से चर्चा की थी। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त किसी भी तरह की राशि मांगने पर आपत्ति जताते हुए ऐसी वसूली बंद करने की चेतावनी दी थी।
इसके बाद 2 नवंबर 2026 को निलेश चौहान ने विश्वविद्यालय के कुलपति से मुलाकात कर लिखित शिकायत प्रस्तुत की। ज्ञापन में विश्वविद्यालय के आदेश क्रमांक 52/D.U.H.S./गोप./2026, दिनांक 28 जनवरी 2026 का उल्लेख किया गया है। संगठन का कहना है कि इस आदेश में विश्वविद्यालय की परीक्षाओं के दौरान प्रायोगिक परीक्षा के नाम पर विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लेने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबद्ध महाविद्यालयों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
निलेश चौहान ने कहा कि जब विश्वविद्यालय ने अतिरिक्त शुल्क नहीं लेने के संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं, तो इसके बावजूद विद्यार्थियों से पैसे मांगने की शिकायत गंभीर है। इससे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर आर्थिक बोझ पड़ सकता है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से अपने आदेशों का सभी संबद्ध कॉलेजों में पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से कुलपति से आग्रह किया गया है कि सी.जी. कॉलेज ऑफ नर्सिंग में कथित अतिरिक्त शुल्क मांगने के मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि विद्यार्थियों से अतिरिक्त राशि वसूली गई है, तो उसे वापस कराया जाए। जांच पूरी होने तक प्रैक्टिकल परीक्षा के नाम पर किसी भी अतिरिक्त शुल्क की मांग पर रोक लगाई जाए। साथ ही जांच में विश्वविद्यालय के आदेशों का उल्लंघन प्रमाणित होने पर संबंधित कॉलेज प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
निलेश चौहान ने कहा कि विद्यार्थी अपने भविष्य के लिए मेहनत कर रहे हैं और परीक्षा के नाम पर उन पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव नहीं डाला जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता कांग्रेस विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए इस मामले को आगे भी उठाती रहेगी।
इस दौरान युवा प्रदेश संयोजक नवीन अग्रवाल, अभय सिंह, सत्यम डोंगरे, योगेन्द्र देवांगन, मो. नजीब, नवेद कुरैशी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। फिलहाल अतिरिक्त शुल्क मांगने से जुड़ी शिकायत पर विश्वविद्यालय की जांच और आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।