गुडियारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 675 नशीली टेबलेट और चाकू के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
रायपुर के गुडियारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 675 प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, चाकू और वाहन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से करीब 1.17 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर | राजधानी रायपुर के गुडियारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, एक बटनदार चाकू, मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने और सूचना के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।
इसी क्रम में 21 मार्च 2026 को गुडियारी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कलिंग नगर स्थित सीएसईबी मैदान के पास दो युवक दोपहिया वाहन में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट लेकर ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम एवं सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बताए गए हुलिये के अनुसार दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सिद्धू बाघ (30 वर्ष) निवासी देवेन्द्र नगर और रोहित कुमार (25 वर्ष) निवासी गुडियारी बताया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 675 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट ‘निद्राजेपाम’ बरामद की गई। इसके अलावा एक धारदार बटनदार चाकू, तीन मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन (सीजी 04/एनवाई/4370) भी जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 17 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नशीली टेबलेट को ओडिशा से लाकर विलीने के बॉक्स में छिपाकर शहर में सप्लाई करते थे, ताकि पुलिस से बचा जा सके।
आरोपियों के खिलाफ थाना गुडियारी में अपराध क्रमांक 123/2026 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 22(बी) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है और आरोपियों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में कॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ जारी है, जिससे इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।