नाकाबंदी में आम्बुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बोलेरो से 155 लीटर अवैध शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

आलीराजपुर जिले में आम्बुआ पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बोलेरो वाहन से 155 बल्क लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत 6 लाख से अधिक बताई गई है।

Mar 21, 2026 - 16:49
 0  15
नाकाबंदी में आम्बुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बोलेरो से 155 लीटर अवैध शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. मुस्तकीम मुग़ल, अलीराजपुर | जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आम्बुआ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदोरिया के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी आम्बुआ उप निरीक्षक मोहनसिंह डावर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जोबट की ओर से एक सफेद रंग की महिंद्रा बोलेरो (क्रमांक GJ-20-A-2508) में अवैध शराब परिवहन की जा रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और आश्रम तिराहा हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर नाकाबंदी की गई। कुछ समय बाद जोबट की ओर से आ रही संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई।

वाहन चालक ने अपना नाम अश्विन पिता केरमसिंह बांगडिया भील (25 वर्ष), निवासी ग्राम बड़ा ईटारा बताया। तलाशी के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुईं। आरोपी से शराब परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने बोलेरो वाहन से रॉयल स्टेज ब्रांड की 13 पेटियां (112.320 बल्क लीटर) और बैगपाइपर की 5 पेटियां (43.200 बल्क लीटर) शराब जब्त की। इस प्रकार कुल 155.520 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत लगभग 1 लाख 29 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि वाहन की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। कुल जब्ती की कीमत लगभग 6 लाख 29 हजार रुपये है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 46 के तहत थाना आम्बुआ में अपराध क्रमांक 66/2026 दर्ज कर लिया है और मामले की विवेचना जारी है।

इस कार्रवाई को सफल बनाने में उप निरीक्षक मोहनसिंह डावर के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक कालुसिंह अलावा, प्रधान आरक्षक भुरसिंह, प्रधान आरक्षक अमरसिंह, महिला आरक्षक सावित्री डावर, आरक्षक टिकम और आरक्षक गिरधारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।