मैनपुर के गरीबा गांव में दो दिवसीय गोंडवाना महासम्मेलन संपन्न, समाज उत्थान पर हुआ गहन मंथन
गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम गरीबा में सर्व आदिवासी समाज राजापड़ाव क्षेत्र द्वारा दो दिवसीय गोंडवाना महासम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में सामाजिक नियमावली, जल-जंगल-जमीन, संस्कृति संरक्षण और समाज सशक्तिकरण पर विचार हुआ।
UNITED NEWS OF ASIA.रुपेश साहू, मैनपुर (गरियाबंद)। गरियाबंद जिले के विकासखंड मैनपुर अंतर्गत सुदूर वनांचल ग्राम पंचायत कोचेंगा के आश्रित गांव गरीबा में सर्व आदिवासी समाज राजापड़ाव क्षेत्र द्वारा दो दिवसीय गोंडवाना महासम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में उड़ीसा, बस्तर, सांकरा नगरी, मैनपुर, गरियाबंद एवं देवभोग क्षेत्र से हजारों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए। वर्षों बाद राजापड़ाव क्षेत्र में हुए इस महासम्मेलन ने सामाजिक चेतना और एकता का नया संदेश दिया।
सम्मेलन के दौरान समाज के उत्थान, खान-पान, रहन-सहन, रीति-नीति एवं सामाजिक व्यवस्था को मजबूत करने हेतु गहन विचार-मंथन किया गया तथा लिखित सामाजिक नियमावली का वाचन किया गया। प्राकृतिक परिवेश में आयोजित यह सम्मेलन पेड़-पौधों, जीव-जंतुओं और प्रकृति से आदिवासी समाज के गहरे संबंध को दर्शाता रहा।
27 जनवरी को कलश यात्रा, देव स्थापना एवं सगा समाज मुखियाओं की संगोष्ठी आयोजित हुई। वहीं 28 जनवरी को अतिथियों का पारंपरिक मादरी नृत्य, बाजे-गाजे और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। बिंद्रानवागढ़ विधायक श्री जनक ध्रुव, जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम एवं लोकेश्वरी नेताम, आदिवासी समाज अध्यक्ष सुनील मरकाम सहित अन्य अतिथियों का देवीय ध्वजारोहण, पूजा-अर्चना एवं पारंपरिक सम्मान किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक जनक ध्रुव ने कहा कि गोंडवाना समाज का इतिहास अत्यंत समृद्ध रहा है। आदिवासी समाज की संस्कृति, बोली-भाषा, रीति-रिवाज और प्रकृति से जुड़ाव अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि जल-जंगल-जमीन के संरक्षण के लिए बनाई गई सामाजिक नियमावली सराहनीय है। साथ ही युवाओं से नशा-पान से दूर रहकर खेती एवं व्यवसाय में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने कहा कि अपने पुरखों की सीख के अनुसार समाज को एकजुट रहकर अधिकारों के लिए संघर्ष करना होगा। वहीं लोकेश्वरी नेताम ने निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
सम्मेलन में विधायक जनक ध्रुव ने गोंडवाना भवन गाजी मुड़ा के लिए 10 लाख रुपए, जरहीडीह में बाबा साहेब अंबेडकर प्रतिमा सुरक्षा, खुशियार बरछा में सीसी रोड, कोचेंगा देवगुड़ी निर्माण एवं निजी स्कूल को सहयोग देने की घोषणाएं कीं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में सामाजिक मुखिया, जनप्रतिनिधि, महिला-पुरुष एवं युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन समारू राम मरकाम एवं आभार दुर्जन मरकाम द्वारा किया गया।