SECL कार्यालय के सामने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का धरना, ठेका श्रमिकों के अधिकारों को लेकर सौंपा 16 सूत्रीय ज्ञापन

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने चिरमिरी में SECL कार्यालय और नगर पालिक निगम के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर ठेका श्रमिकों की मजदूरी, आवास, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा मानकों सहित विभिन्न मांगों को लेकर 16 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संगठन ने 15 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

Jun 20, 2026 - 15:06
 0  2
SECL कार्यालय के सामने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का धरना, ठेका श्रमिकों के अधिकारों को लेकर सौंपा 16 सूत्रीय ज्ञापन

UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, कोरिया l गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 18 जून 2026 को SECL चिरमिरी कार्यालय और नगर पालिक निगम चिरमिरी के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम, श्याम सिंह मरकाम, संजय कमरों, केबल सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

धरना-प्रदर्शन के दौरान संगठन ने SECL में कार्यरत ठेका श्रमिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। पार्टी का आरोप है कि भारत सरकार के कोयला मंत्रालय द्वारा वर्ष 2024 से विभिन्न श्रेणियों के श्रमिकों के लिए निर्धारित वेतनमान लागू होने के बावजूद चिरमिरी क्षेत्र में ठेका श्रमिकों को तय मजदूरी नहीं मिल रही है। संगठन ने दावा किया कि श्रमिकों को निर्धारित वेतन के स्थान पर केवल 350 से 450 रुपये प्रतिदिन तक भुगतान किया जा रहा है, जबकि कई स्थानों पर उनसे 8 घंटे के बजाय 10 से 12 घंटे तक कार्य कराया जा रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ठेका श्रमिकों और उनके परिवारों को चिकित्सा सुविधाओं का पर्याप्त लाभ नहीं मिल रहा है। साथ ही क्षेत्र में खाली पड़े सरकारी आवासों के बावजूद श्रमिकों को आवास उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। संगठन ने श्रमिकों के लिए आवास, बिजली, पानी, दुर्घटना बीमा तथा सेवा निवृत्ति के बाद आर्थिक सहायता जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की।

धरना के दौरान खदानों में सुरक्षा मानकों के पालन का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन ने कहा कि पूर्व में खदान दुर्घटनाओं में श्रमिकों की जान जा चुकी है, इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। इसके अलावा बंद हो चुकी खुली खदानों के समतलीकरण, कोयला परिवहन में ओवरलोडिंग पर रोक और परिवहन वाहनों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित करने की मांग भी रखी गई।

नगर पालिक निगम चिरमिरी से संबंधित मुद्दों में सफाई कर्मियों और मजदूरों के लंबित वेतन भुगतान, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, सफाई व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं को उठाया गया। संगठन ने निगम प्रशासन के कुछ अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए।

कार्यक्रम के दौरान SECL प्रबंधन के नाम 16 सूत्रीय तथा नगर पालिक निगम से संबंधित 13 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा।

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने कहा कि वह क्षेत्र के श्रमिकों, आदिवासियों और स्थानीय नागरिकों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रहेगी।