कवर्धा जिला पंचायत में अंबेडकर जयंती पर श्रद्धांजलि, जनप्रतिनिधियों ने किया नमन
कवर्धा जिला पंचायत में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बाबा साहेब के विचारों को याद करते हुए समावेशी विकास और सामाजिक न्याय का संकल्प लिया।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कवर्धा जिला पंचायत परिसर में 14 अप्रैल 2026 को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिला पंचायत परिवार द्वारा एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब के तैलचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट और पूर्णिमा मनीराम साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहेब का जीवन समाज के उत्थान, शिक्षा और नारी सम्मान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अपने संघर्ष और विचारों से समाज को नई दिशा दी और देश को एक सशक्त संविधान प्रदान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि बाबा साहेब का सपना एक समावेशी और विकसित भारत का था, जहां समाज के हर वर्ग को समान अवसर मिले। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मिलकर उनके सपनों को साकार करने के लिए कार्य करें। समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जिला पंचायत सदस्य रामकुमार भट्ट ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा को अपना हथियार बनाकर समाज में जागरूकता फैलाई। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान, जो विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, उनकी महान सोच और दूरदृष्टि का परिणाम है।
कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी बाबा साहेब के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए समाज में समानता, न्याय और शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आज का भारत जिस विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है, उसमें बाबा साहेब के विचारों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मनीराम साहू, लोकचंद साहू, विजय पटेल और विधायक प्रतिनिधि भूखन साहू ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने और समाज में समरसता स्थापित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के लेखा अधिकारी भानु प्रताप नेताम, उपसंचालक पंचायत राज तिवारी सहित सभी अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह एक प्रेरणादायक आयोजन बनकर उभरा, जिसने सभी को बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने और समाज के समग्र विकास के लिए कार्य करने का संदेश दिया।