GIFT City बना भारत के वैश्विक वित्त का नया केंद्र, बैंकिंग परिसंपत्तियां 111 अरब डॉलर के पार
गुजरात का GIFT City अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है। यहां 1200 से अधिक संस्थाएं सक्रिय हैं और बैंकिंग परिसंपत्तियां 111 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक हो चुकी हैं। फंड मैनेजमेंट, पूंजी बाजार, बीमा, विमान एवं पोत लीजिंग सहित कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय विस्तार दर्ज किया गया है।
UNITED NEWS OF ASIA. गांधीनगर। गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (GIFT City) भारत के वैश्विक वित्तीय सेवा क्षेत्र का सबसे तेजी से विकसित होने वाला केंद्र बनकर उभर रहा है। बैंकिंग, पूंजी बाजार, बीमा, फंड मैनेजमेंट, विमान एवं पोत लीजिंग, ट्रेजरी सेवाओं और सतत वित्त जैसे क्षेत्रों में लगातार हो रहे विस्तार ने GIFT City को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और वित्तीय संस्थानों के लिए आकर्षण का केंद्र बना दिया है। वर्तमान में यहां 1200 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं सक्रिय हैं, जबकि बैंकिंग परिसंपत्तियां 111 अरब अमेरिकी डॉलर के आंकड़े को पार कर चुकी हैं।
पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर द्वारा आयोजित गुजरात अध्ययन दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ के मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने GIFT City का भ्रमण किया। प्रतिनिधिमंडल ने यहां बैंकिंग, फंड मैनेजमेंट, पूंजी बाजार, बीमा, ट्रेजरी, विमान एवं पोत लीजिंग, व्यापार वित्त और सतत वित्त से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने बताया कि GIFT City भारत को वैश्विक वित्तीय सेवाओं का प्रतिस्पर्धी केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।