गनियारी में स्वच्छता अभियान टीम ने लिया डॉ. तीजन बाई का आशीर्वाद, बोलीं—“आंखों की चमक बता रही है मैं स्वस्थ हूं”

गनियारी में स्वच्छता अभियान टीम ने पंडवानी गायिका डॉ. तीजन बाई से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने टीम के कार्यों की सराहना करते हुए उनके मिशन की सफलता की कामना की।

May 3, 2026 - 15:35
 0  4
गनियारी में स्वच्छता अभियान टीम ने लिया डॉ. तीजन बाई का आशीर्वाद, बोलीं—“आंखों की चमक बता रही है मैं स्वस्थ हूं”

UNITED NEWS OF ASIA. रोहिता भुवाल, गनियारी। गनियारी ग्राम में आयोजित 422वें सप्ताह के स्वच्छता अभियान के दौरान एक भावनात्मक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब स्वच्छता अभियान टीम ने विश्व विख्यात पंडवानी गायिका डॉ. तीजन बाई से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

यह अभियान पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गनियारी गांव में आयोजित किया गया था, जो छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर के रूप में भी जाना जाता है। टीम ने गांव पहुंचकर स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया और साफ-सफाई के कार्यों को अंजाम दिया। इसके बाद टीम के सदस्य डॉ. तीजन बाई के निवास पहुंचे, जहां उन्हें जानकारी मिली कि वे विश्राम कर रही हैं।

टीम ने धैर्य का परिचय देते हुए करीब दो घंटे तक गांव में भ्रमण किया और पुनः उनके दर्शन के लिए पहुंची। इस दौरान एक भावुक क्षण तब देखने को मिला जब बिस्तर पर आराम कर रहीं डॉ. तीजन बाई ने टीम के सदस्यों को देखा। उनकी आंखों में चमक और चेहरे पर मुस्कान साफ झलक रही थी। उन्होंने इशारे से सभी को अपने पास बुलाया और स्नेहपूर्वक सभी के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।

डॉ. तीजन बाई ने कहा, “आप लोगों का यह स्वच्छता अभियान अवश्य सफल होगा, यही मेरा आशीर्वाद है।” उनके चेहरे की प्रसन्नता और आंखों की चमक यह संकेत दे रही थी कि वे मानसिक रूप से पूर्णतः स्वस्थ हैं और अपने आसपास के वातावरण से संतुष्ट हैं।

स्वच्छता अभियान टीम के सदस्यों ने भी उनके स्वास्थ्य और ऊर्जा को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वे जल्द ही अपने प्रसिद्ध “तमूरा” की तान के साथ पुनः मंच पर लौटें और महाभारत की गाथाओं को अपनी अद्भुत शैली में प्रस्तुत करें।

इस दौरान एक खास बात यह रही कि जहां आमतौर पर डॉ. तीजन बाई फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी से परहेज करती हैं, वहीं इस बार उन्होंने मुस्कुराते हुए टीम के साथ फोटो और वीडियो बनाने की अनुमति दी। यह देखकर उनकी सेवा कर रही नातिन भी आश्चर्यचकित रह गई कि वे टीम के प्रति इतना अपनापन और स्नेह दिखा रही हैं।

स्वच्छता अभियान टीम के इस प्रवास में प्रेमचंद साहू, हर्षदेव साहू, देवेश साहू, थगेश्वर साहू, राजू ऊके, ज्ञानिक साहू, महेश गुप्ता, भूपेंद्र साहू, मनोज कुमार साहू, अमित साहू, मनहरण ठाकुर, संजय यादव, विक्की सिंह, देवेंद्र सिंह साहू, गुलाब साहू, परस साहू, रोशन देशमुख और विशेषर कुलदीप सहित कई सदस्य शामिल रहे।

यह आयोजन न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का माध्यम बना, बल्कि सांस्कृतिक विरासत और महान कलाकारों के प्रति सम्मान प्रकट करने का भी एक अनूठा अवसर साबित हुआ। गनियारी में यह पहल समाज सेवा और सांस्कृतिक जुड़ाव का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरी है।