रायपुर में ई-रिक्शा चालकों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 2 घंटे में 78 पर जुर्माना

रायपुर में यातायात पुलिस ने अभियान चलाकर महज 2 घंटे में 78 ई-रिक्शा चालकों पर कार्रवाई की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालान किया गया और पुराने लंबित ई-चालान का मौके पर ही भुगतान कराया गया।

Apr 13, 2026 - 14:24
 0  3
रायपुर में ई-रिक्शा चालकों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 2 घंटे में 78 पर जुर्माना

UNITED NEWS OF ASIA. हसिभ अख्तर, रायपुरl l  छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। ई-रिक्शा चालकों द्वारा लगातार यातायात नियमों के उल्लंघन और जाम की स्थिति बनने की शिकायतों के बाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है।

कार्यालय उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के निर्देश पर 12 अप्रैल 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में यातायात पुलिस की टीमों ने चेकिंग अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

इस अभियान के तहत महज 2 घंटे के भीतर कुल 78 ई-रिक्शा चालकों पर विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन के तहत चालान किया गया। इनमें बिना लाइसेंस वाहन चलाना, नो पार्किंग में वाहन खड़ा करना, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और यातायात बाधित करना जैसे मामले शामिल हैं।

पुलिस ने इस दौरान केवल चालान ही नहीं काटे, बल्कि जिन चालकों के पुराने ई-चालान लंबित थे, उन्हें भी मौके पर ही भुगतान करने के लिए प्रेरित किया गया। कई चालकों ने मौके पर ही अपने पेंडिंग चालान का भुगतान कर दिया, जिससे लंबित मामलों में भी कमी आई है।

यातायात पुलिस का कहना है कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आम नागरिकों को काफी परेशानी होती है। खासकर चौक-चौराहों और लेफ्ट टर्न पर ई-रिक्शा खड़े होने से जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे यातायात प्रभावित होता है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने सभी ऑटो और ई-रिक्शा चालकों से अपील की है कि वे अपने सभी जरूरी दस्तावेज जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन और अन्य कागजात अपडेट रखें। इसके साथ ही नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा न करें और चौक या लेफ्ट टर्न पर रुककर यातायात बाधित न करें।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह अभियान न केवल यातायात व्यवस्था सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम यातायात उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भी चलाया जा रहा है।