रायपुर के बैजनाथपारा में लगेगा 10 दिवसीय ‘ईद बाज़ार’, छोटे व्यापारियों को मिलेगा मंच
रायपुर के बैजनाथपारा स्थित मुस्लिम हाल में आगामी ईद-उल-फितर के अवसर पर 10 दिवसीय “ईद बाज़ार” आयोजित किया जाएगा। शहर सीरतुन्नबी कमेटी द्वारा आयोजित इस बाजार में छोटे व्यापारियों को स्टॉल देकर व्यापार का अवसर दिया जाएगा।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर। रायपुर में आगामी ईद-उल-फितर के अवसर पर बैजनाथपारा स्थित मुस्लिम हाल में 10 दिवसीय “ईद बाज़ार” का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन शहर सीरतुन्नबी कमेटी के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें शहरवासी एक ही स्थान पर ईद से जुड़ी विभिन्न प्रकार की खरीदारी कर सकेंगे।
इस ईद बाज़ार में कपड़े, खान-पान से जुड़े सामान, सजावटी वस्तुएं और अन्य आवश्यक वस्तुओं के कई स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजन स्थल पर टेंट व स्टॉल की व्यवस्था के साथ बिजली, लाइट, सुरक्षा के लिए गार्ड, साफ-सफाई और पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अलावा मेहंदी आर्ट और गेम ज़ोन जैसी विशेष व्यवस्थाएं भी की जाएंगी, जिससे यह आयोजन एक छोटे मेले का रूप लेगा और परिवार के साथ आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद सोहेल सेठी ने बताया कि हाल ही में नगर निगम द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान में कई छोटे और फुटकर व्यापारियों की दुकानें प्रभावित हुई हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए कमेटी ने “ईद बाज़ार” की शुरुआत करने का निर्णय लिया है, ताकि ऐसे व्यापारियों को अपनी आजीविका चलाने के लिए एक मंच मिल सके।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में ईद बाज़ार में पहुंचकर खरीदारी करें और इस सामाजिक पहल को सफल बनाने में सहयोग दें। आयोजन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए शहर सीरतुन्नबी कमेटी के कार्यालय या पदाधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।