इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में बस्तर में आयोजित महतारी वंदन सम्मेलन का भी उल्लेख किया गया, जहां उन्होंने प्रदेश की नारी शक्ति को संबोधित करते हुए महिला सशक्तिकरण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की शक्ति, आत्मसम्मान और समाज निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिलाओं के सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है और आज महिलाएं शिक्षा, राजनीति, उद्यमिता और तकनीक सहित हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महतारी वंदन योजना शुरू की गई है, जिसके माध्यम से प्रदेश की लाखों महिलाओं को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इस योजना से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और परिवार की आर्थिक मजबूती में उनकी भागीदारी और अधिक सशक्त हुई है।
विधायक भावना बोहरा ने पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए आठ निःशुल्क बसों का संचालन किया जा रहा है, जिससे लगभग एक हजार छात्राओं को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल रही है। इसके अलावा प्रतिभाशाली युवाओं के लिए “लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग” की भी शुरुआत की गई है, जहां 300 से अधिक छात्र-छात्राएं CGPSC, NEET और IIT-JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नारी सम्मान अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया तथा कई महिलाओं को निःशुल्क सिलाई मशीन प्रदान की गई है, जिससे वे स्वरोजगार से जुड़ सकें।
इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं नमो ड्रोन दीदी योजना ग्रामीण महिलाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का कार्य कर रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी पहलें महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और योजनाओं की लाभार्थी बहनों को विधायक भावना बोहरा द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रोशन दुबे, जिला मंत्री राघवेंद्र साहू, मंडल अध्यक्ष नरेश साहू, राजेंद्र साहू, मंडल महामंत्री धरमपाल कौशिक, जिला पंचायत सदस्य राजकुमारी साहू, महेंद्र धृतलहरे, पांडातराई नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता सोनी, सहसपुर लोहारा जनपद अध्यक्ष दुर्गा सिंह सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।