वनांचल क्षेत्रों में पीएम जनमन आवास की प्रगति देखने पहुँचे जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, हितग्राहियों से की चर्चा

कबीरधाम जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना और अन्य विकास कार्यों की प्रगति व गुणवत्ता का जायजा लेने सीईओ जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल ने सघन दौरा किया। उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा कर निर्माण कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

Mar 9, 2026 - 11:42
 0  3
वनांचल क्षेत्रों में पीएम जनमन आवास की प्रगति देखने पहुँचे जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, हितग्राहियों से की चर्चा

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा |  कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने सुदूर वनांचल क्षेत्रों का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों से सीधे चर्चा कर आवास निर्माण कार्यों की स्थिति, निर्माण सामग्री की उपलब्धता और कार्यों में आ रही समस्याओं की जानकारी ली।

एक दिवसीय निरीक्षण के दौरान सीईओ अभिषेक अग्रवाल जनपद पंचायत कवर्धा के ग्राम पंचायत जोराताल, रेंगाखार खुर्द और अमलीडीह, जनपद पंचायत बोड़ला के ग्राम पंचायत प्रभा टोला, सिघनपुरी, वनांचल ग्राम बाटीपथरा और तरेगांव जंगल तथा जनपद पंचायत पंडरिया के ग्राम पंचायत पोलमी, लोखान और खामी सहित अन्य गांवों में पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन आवास और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन घरों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने हितग्राहियों से बातचीत कर आवास निर्माण के लिए प्राप्त राशि, कार्य की प्रगति और सामग्री की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और मैदानी कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आवास निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाए और निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को छत ढलाई के लिए सस्ती दर पर सेंट्रिंग प्लेट उपलब्ध कराने हेतु बिहान योजना के अंतर्गत महिला स्व सहायता समूह की दीदियों को “डीलर दीदी” के रूप में प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। इससे स्थानीय महिलाओं को आजीविका के नए अवसर मिलने के साथ-साथ हितग्राहियों को भी निर्माण सामग्री कम कीमत पर उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच, ग्राम रोजगार सहायकों और अन्य मैदानी कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे प्रतिदिन हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें आवास निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के लिए प्रेरित करें और उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करें। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।

दौरे के दौरान सीईओ ने महिला स्व सहायता समूहों की गतिविधियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बैंक सखी, मछली पालन व्यवसाय और डीलर दीदी से चर्चा कर समूह के कार्यों की जानकारी ली। वनांचल क्षेत्रों में समूहों द्वारा सीमेंट, रेत, गिट्टी सहित अन्य निर्माण सामग्री एकत्र कर हितग्राहियों को उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को बाजार दर का अध्ययन कर वनांचल क्षेत्रों में निर्माण सामग्री सामूहिक रूप से कम कीमत पर उपलब्ध कराने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए।

इस दौरान सीईओ ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता या अनियमितता की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

दौरे के दौरान उन्होंने जनमन आवास के हितग्राहियों जैसे बुधवारिन बाई बैगा, तिहार सिंह, सूरज सिंह बैगा, सुंदर बैगा और चैतीबाई से भी चर्चा की और उन्हें आवास निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया।

इसके अलावा सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने महात्मा गांधी नरेगा के तहत संचालित विभिन्न कार्यों का भी निरीक्षण किया। ग्राम तालपुर में निजी डबरी निर्माण, पक्की नाली, तालाब गहरीकरण तथा ग्राम अमलीडीह में मिनी स्टेडियम, आंगनबाड़ी भवन और महिला समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। ग्राम प्रभाटोला में बन रहे आंगनबाड़ी केंद्र को बाला मॉडल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा मिल सके।

उन्होंने मनरेगा कार्य स्थल पर ग्रामीणों से चर्चा करते हुए रोजगार दिवस के बारे में जानकारी दी और बताया कि प्रत्येक माह की 7 तारीख को चावल उत्सव के साथ रोजगार एवं आवास दिवस का आयोजन किया जाता है। साथ ही 1 अप्रैल 2026 से लागू होने वाली विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत 125 दिनों के रोजगार और समय पर मजदूरी भुगतान की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।

निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत कवर्धा, बोड़ला और पंडरिया के अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, जिला मिशन प्रबंधक एनआरएलएम, प्रधानमंत्री आवास योजना के जिला समन्वयक, तकनीकी समन्वयक, ग्राम पंचायत के सरपंच-पंच और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।