सिलहाटी में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा डिजिटल क्लास के छात्र बने, 9 स्कूलों में स्मार्ट क्लास की शुरुआत

सिलहाटी में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने स्वयं डिजिटल क्लास में बैठकर पढ़ाई की और 9 स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधा का शुभारंभ किया। स्मार्ट क्लास से कठिन विषयों को सरल और रोचक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उन्होंने स्कूल तक सीसी रोड निर्माण की घोषणा भी की।

Nov 25, 2025 - 11:04
 0  12
सिलहाटी में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा डिजिटल क्लास के छात्र बने, 9 स्कूलों में स्मार्ट क्लास की शुरुआत

UNITED NEWS OF ASIA.  रायपुर। कबीरधाम जिले में शिक्षा के डिजिटलीकरण को नई दिशा देते हुए उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री  विजय शर्मा आज ग्राम सिलहाटी पहुंचे, जहां उन्होंने उच्चतर माध्यमिक शाला से सहसपुर लोहारा विकासखंड के 9 शासकीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास सुविधा का एक साथ शुभारंभ किया। कार्यक्रम में सभी 9 स्कूल वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री  शर्मा बच्चों के साथ स्वयं डिजिटल कक्षा के छात्र बन गए। जीव विज्ञान के शिक्षक ने डिजिटल बोर्ड और थ्रीडी एनिमेटेड कंटेंट के माध्यम से उन्हें आंख और दिमाग की संरचना पढ़ाई।  शर्मा ने बच्चों की तरह शिक्षक से प्रश्न भी पूछे, जिससे पूरी कक्षा उत्साहित हो उठी।

ज्ञात हो कि उपमुख्यमंत्री  शर्मा की पहल पर कवर्धा जिले में डिजिटल कक्षाओं का विस्तार तेज़ी से किया जा रहा है। कवर्धा विकासखंड में यह सुविधा पहले ही शुरू की जा चुकी है, और अब सहसपुर लोहारा विकासखंड में भी डिजिटल शिक्षा की नई शुरुआत हुई है। साथ ही उन्होंने मुख्य सड़क से स्कूल तक सीसी रोड निर्माण की घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान  शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से जुड़े विद्यार्थियों से संवाद किया और स्मार्ट क्लास के लाभ समझाए। उन्होंने कहा कि इस आधुनिक तकनीक से भौतिक विज्ञान, रसायन, जीव विज्ञान, गणित और भूगोल जैसे कठिन विषय भी रोचक और सरल हो जाएंगे। विद्यार्थियों ने भी अपने उत्साहपूर्ण अनुभव साझा किए।

उपमुख्यमंत्री ने स्मार्ट क्लास की संपूर्ण तकनीकी प्रक्रिया का अवलोकन किया और शिक्षकों से इसके संचालन व उपयोग की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल तकनीक की स्थापना नहीं, बल्कि शिक्षा प्रणाली में परिवर्तनकारी कदम है। स्मार्ट क्लास में मल्टी-डायमेंशनल कंटेंट और थ्रीडी विज़ुअलाइजेशन की सुविधा से विद्यार्थियों की समझ और सीखने की क्षमता में अभूतपूर्व वृद्धि होगी।

उन्होंने एआई तकनीक पर भी चर्चा की तथा मंच पर ही एआई का लाइव प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को नई तकनीक का प्रत्यक्ष अनुभव कराया। उन्होंने निर्देश दिए कि हर विद्यालय विषयवार साप्ताहिक शैक्षणिक शेड्यूल तैयार करे ताकि स्मार्ट क्लास का व्यवस्थित और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके।

कवर्धा जिले के मिडिल, हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में अत्याधुनिक डिजिटल शिक्षण प्रणाली उपलब्ध हो चुकी है। अगले चरण में बोड़ला विकासखंड में भी इस सुविधा का विस्तार किया जाएगा। सीएसआर मद से जिले के 50 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास स्थापित किए जा रहे हैं।

आज जिन 9 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास का शुभारंभ हुआ उनमें शामिल हैं—
सोनझरी, रक्से, सिलहाटी, सहसपुर लोहारा, सुरजपुरा वन, कोयलारी, छिरबांधा, खोलवा और राम्हेपुर।