मेगा स्वास्थ्य शिविर में कुल 253 मरीजों का ओपीडी पंजीयन किया गया। वहीं 113 महिलाओं की निःशुल्क सोनोग्राफी और महिला विशेषज्ञ चिकित्सक से जांच की गई। इसके अलावा 121 मरीजों की एनसीडी जांच की गई। शिविर में महिलाओं, बुजुर्गों सहित अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
शिविर का शुभारंभ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल, जनपद अध्यक्ष बालका रामकिंकर वर्मा, छोटू निर्मलकर, दुर्गेश वर्मा, सभापति संदीप गुप्ता और नरेश चंद्रवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ।
इस अवसर पर विदेशी राम धुर्वे ने उपस्थित लोगों और मेडिकल कॉलेज से आए छात्र-छात्राओं को विकसित भारत की परिकल्पना तथा सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.के. तुरे और जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनुपमा तिवारी के निर्देशानुसार जिले के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने शिविर में सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक जांच कर उपचार संबंधी परामर्श दिया। जरूरत के अनुसार मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
शिविर में 27 हितग्राहियों के आयुष्मान वय वंदन कार्ड, 110 मरीजों की पैथोलॉजी जांच, 55 मरीजों की नेत्र जांच, 35 मरीजों की दंत जांच और 35 मरीजों की अस्थि रोग जांच की गई। इसके अलावा 30 मरीजों की क्षय रोग जांच और 22 मरीजों की एक्स-रे जांच भी हुई।
विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार के माध्यम से 125 लोगों को अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला। शिविर के दौरान 15 लोगों ने रक्तदान किया, जिससे जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्धता में सहयोग मिला।
स्वास्थ्य अमले ने संभाली जिम्मेदारी
शिविर के सफल संचालन में विकासखंड के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम सिंह राजपूत, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारियों, शिव गोपाल ठाकुर, बीपीएम, बीटीओ, ग्रामीण चिकित्सा सहायकों, सेक्टर सुपरवाइजर, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजकों, महिला एवं पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, कार्यालयीन कर्मचारियों और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का योगदान रहा।
मेगा स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से बोड़ला क्षेत्र के नागरिकों को अपने क्षेत्र में ही विभिन्न विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं और जांच सुविधाएं उपलब्ध हुईं। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही।