यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त एवं कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देश तथा जिला आबकारी अधिकारी मुकेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में की गई थी।
राजेश जमरे के वाहन से 4,437 बल्क लीटर मदिरा जब्त
4 फरवरी 2025 को आबकारी उपनिरीक्षक अभिनव कुमार रायजादा ने चिल्फी आबकारी चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान राजेश जमरे के अधिपत्य वाले स्वराज माजदा वाहन क्रमांक एमपी 09 जीएच 5531 की जांच की।
जांच के दौरान वाहन से मध्यप्रदेश निर्मित लेबल लगी 19,650 नग पाव देशी प्लेन मदिरा बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 3,537 बल्क लीटर बताई गई। इसके अलावा 5,000 नग पाव गोवा व्हिस्की भी मिली, जिसकी कुल मात्रा 900 बल्क लीटर थी। इस तरह वाहन से कुल 4,437 बल्क लीटर मदिरा जब्त की गई।
इस मामले में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम, 1915 यथा संशोधित की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की गई। विवेचना पूर्ण होने के बाद अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। विचारण के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कवर्धा ने राजेश जमरे को 18 माह के साधारण कारावास और 50 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया।
राजवीर सिंह के वाहन से 4,770 बल्क लीटर शराब जब्त
इसी तरह 12 फरवरी 2025 को चिल्फी आबकारी चेकपोस्ट पर वाहन जांच के दौरान राजवीर सिंह के अधिपत्य वाले आईशर भारी वाहन क्रमांक आरजे 11 जीसी 2927 की जांच की गई।
वाहन से मध्यप्रदेश निर्मित लेबल लगी 16,500 नग पाव देशी प्लेन मदिरा बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 2,970 बल्क लीटर थी। इसके साथ 10,000 नग पाव गोवा व्हिस्की मिली, जिसकी मात्रा 1,800 बल्क लीटर बताई गई। वाहन से कुल 4,770 बल्क लीटर मदिरा जब्त की गई।
इस मामले में भी विवेचना के बाद अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। दाण्डिक प्रकरण क्रमांक 1566/2025 में विचारण के उपरांत न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कवर्धा ने राजवीर सिंह को 2 वर्ष के साधारण कारावास और 50 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।
विवेचना और अभियोजन टीम के कार्य की सराहना
दोनों मामलों की विवेचना अभिनव कुमार रायजादा ने की। अभियोजन साक्षियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने में मुख्य आरक्षक विद्या सिंह परमार तथा आरक्षक अमर पिल्ले और इम्तियाज खान के प्रयासों की भी सराहना की गई।
जिला अभियोजन निदेशालय, जिला कबीरधाम के सहायक जिला अभियोजन अधिकारी ने विवेचक और संबंधित आबकारी आरक्षकों को उनके कार्य तथा न्यायालयीन साक्ष्य प्रस्तुत करने में सहयोग के लिए रिवार्ड दिए जाने की अनुशंसा की है।