कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के तहत अब तक आयोजित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके लिए विभिन्न गतिविधियों में समाज के अलग-अलग वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
अभियान के तहत सेवा मेरा योगदान उत्सव, सेवा और स्वच्छता, विद्या दान एवं शिक्षा सहयोग, अन्न एवं वस्त्र दान, कौशल ज्ञान दान एवं प्रशिक्षण, हरित छत्तीसगढ़ एवं पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा एवं जागरूकता, स्वास्थ्य एवं रक्तदान तथा स्थानीय उत्पाद और महिला सशक्तिकरण जैसी गतिविधियां आयोजित की जानी हैं। कलेक्टर ने नगरीय निकायों में इन आयोजनों की तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा
कलेक्टर ने 1 अक्टूबर को जिले के चारों विकासखंडों के हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में होने वाली चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने इन कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को आवश्यक निर्देश दिए।
भोरमदेव शक्कर कारखाना को बधाई
बैठक के दौरान कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने भोरमदेव शक्कर कारखाना द्वारा लगातार दो वर्षों तक देश में सर्वाधिक शक्कर रिकवरी का कीर्तिमान स्थापित कर नेशनल अवार्ड प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कारखाना के अधिकारी-कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अधिकारियों को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित भी किया गया।
सेवा सेतु और जल संरक्षण कार्यों की समीक्षा
कलेक्टर ने जल जन सेवा संकल्प अभियान के तहत जल संसाधन विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं सेवा सेतु अभियान के तहत 1 से 7 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले शिविरों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
उन्होंने 1 अक्टूबर को बोड़ला में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान, ई-ऑफिस और बायोमैट्रिक उपस्थिति की भी समीक्षा हुई। कलेक्टर ने ई-ऑफिस के सुचारू संचालन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा सभी शासकीय कार्यालयों में बायोमैट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, आर.पी. अचला, सागर सिंह राज, डिप्टी कलेक्टर रूचि शार्दुल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।