कवर्धा में बाल अधिकारों की गूंज, डॉ. वर्णिका शर्मा ने लगाई बाल चौपाल 2.0; एकलव्य विद्यालय में बच्चों संग मनाया पीएम मोदी का जन्मदिन
छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने 16 सितंबर 2026 को कवर्धा जिले के दौरे के दौरान बैगा आदिवासी क्षेत्र से लेकर जिला मुख्यालय तक बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े विषयों की समीक्षा की। उन्होंने बैरख में बाल चौपाल 2.0 में बच्चों से संवाद किया, विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर कमियां दूर करने के निर्देश दिए और एकलव्य विद्यालय तरेगांव में विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाया।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l कवर्धा जिले में बाल अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विषयों को लेकर छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने व्यापक निरीक्षण और समीक्षा की। 16 सितंबर 2026 को जिले के दौरे के दौरान उन्होंने दूरस्थ आदिवासी अंचल के बैगा समुदाय के बच्चों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं तथा भविष्य से जुड़े विषयों की जानकारी ली। इसके साथ ही विभिन्न शैक्षणिक और आवासीय संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैरख तहसील के विशेष जनजातीय क्षेत्र में आयोजित बाल चौपाल 2.0 में बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। शुरुआत में झिझक रहे बच्चों ने बातचीत के दौरान खुलकर अपनी बातें और अनुभव साझा किए। बाल अधिकारों की जानकारी देने के लिए क्विज और सांप-सीढ़ी जैसे रोचक खेलों का आयोजन किया गया। चौपाल में गुड टच-बैड टच, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर और बाल विवाह जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी बच्चों से चर्चा की गई। डॉ. वर्णिका शर्मा ने बच्चों की प्रतिभा को देखते हुए उन्हें आधुनिक तकनीक और डिजिटल अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान आदिवासी बालक आश्रम बैरख सहित अन्य संस्थानों में साफ-सफाई, भंडार गृह, शिक्षकों की उपलब्धता और मलेरिया से बचाव की व्यवस्थाओं में कमियां सामने आईं। आयोग अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को इन व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। मलेरिया से बचाव के लिए नई मच्छरदानियां उपलब्ध कराने, शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए आवश्यक पत्राचार करने और संस्थानों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने को कहा गया। हाई स्कूल में साइंस उपकरणों की कमी और अव्यवस्था को भी तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।
शासकीय बालक गृह कवर्धा के निरीक्षण के दौरान डॉ. वर्णिका शर्मा ने बच्चों के साथ रात्रि भोजन किया और बाल गृह के एक बच्चे का जन्मदिन भी मनाया। इसके अलावा एकलव्य आवासीय विद्यालय तरेगांव पहुंचकर उन्होंने विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन मनाया। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री के संघर्ष और राष्ट्र सेवा से प्रेरणा लेने की बात कही तथा भविष्य में देश के लिए योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया। आयोग अध्यक्ष ने बच्चों से उनके भविष्य के लक्ष्यों और समस्याओं पर संवाद किया।
कलेक्टर सभागृह में आयोजित समीक्षा बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बाल अधिकारों से जुड़े मामलों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, आश्रम-छात्रावासों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली गई। आयोग अध्यक्ष ने अधिकारियों को बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश दिए। आश्रम शालाओं और छात्रावासों की व्यवस्था सुधारने, स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति होने तक गणित, अंग्रेजी और विज्ञान जैसे विषयों में अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया।
बैठक में COTPA एक्ट और बालश्रम अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच लगातार समन्वय और अनुश्रवण के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। PC-PNDT एक्ट के सही संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं महिला एवं बाल विकास तथा श्रम विभाग को समन्वय स्थापित कर PMMVY और मिनीमाता महतारी जतन योजना के पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।