दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में जटिल सर्जरी की बढ़ी सुविधा, 273 ऑपरेशन के बाद रेफरल दर लगभग नगण्य
दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में अप्रैल से अब तक 273 जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं। अस्पताल में सामान्य सर्जरी के साथ ऑन्कोलॉजी, प्लास्टिक और रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। ब्रेस्ट और स्किन कैंसर की सर्जरी के साथ गंभीर संक्रमण के जटिल मामलों का उपचार भी जिला स्तर पर किया जा रहा है। आने वाले समय में थोराकोस्कोपी और आधुनिक बर्न यूनिट शुरू करने की तैयारी है, जिससे दूरस्थ क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर उन्नत उपचार मिल सकेगा।
UNITED NEWS OF ASIA. दंतेवाड़ा l दक्षिण बस्तर के दूरस्थ जिले दंतेवाड़ा में जिला अस्पताल की सर्जिकल स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा गंभीर और जटिल उपचार तक बढ़ रहा है। जिला अस्पताल में अप्रैल से अब तक 273 जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं। अस्पताल में विशेषज्ञ सर्जिकल सेवाओं के विस्तार के बाद सर्जरी के लिए मरीजों को बड़े शहरों और मेडिकल कॉलेजों की ओर रेफर किए जाने की आवश्यकता काफी कम हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले की रेफरल दर अब लगभग नगण्य रह गई है।