संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की कार्रवाई, बिना सूचना फेरी वाहन पर 4800 रुपये का चालान

दंतेवाड़ा जिले के बचेली क्षेत्र में बिना सूचना फेरी कर रहे एक बाहरी वाहन पर पुलिस ने कार्रवाई की। दस्तावेजों की जांच के बाद वाहन पर 4800 रुपये का चालान किया गया और क्षेत्र छोड़ने की हिदायत दी गई।

Jun 15, 2026 - 17:07
 0  27
संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की कार्रवाई, बिना सूचना फेरी वाहन पर 4800 रुपये का चालान

UNITED NEWS OF ASIA. नवीन चौधरी, दंतेवाड़ा l दंतेवाड़ा जिले के लौह नगरी बचेली क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और चोरी, ठगी तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार सतर्कता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को थाना बचेली पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए एक बाहरी फेरी वाहन पर चालान की कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, एमपी पासिंग पिकअप वाहन क्रमांक MP13 GA 9671 बचेली क्षेत्र में बिना पूर्व सूचना और बिना मुसाफिरी दर्ज कराए पलंग, दीवान, गद्दा और कुर्सी जैसे सामान की फेरी करते हुए पाया गया। स्थानीय स्तर पर इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन को रोककर जांच की गई।

जांच के दौरान वाहन चालक शोभाराम चौहान (31 वर्ष), निवासी ग्राम ब्राह्मण खांखरी, जिला उज्जैन (मध्यप्रदेश) तथा वर्तमान पता शांति नगर, नया बस स्टैंड के पीछे, जगदलपुर से पूछताछ की गई। पुलिस ने वाहन के दस्तावेजों और फेरी से संबंधित अनुमति की जांच की, जिसमें आवश्यक सूचना और अनुमति के अभाव की पुष्टि हुई।

इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन पर 4800 रुपये का चालान किया। साथ ही चालक को निर्देश दिया गया कि वह तत्काल क्षेत्र छोड़ दे और भविष्य में बिना अनुमति किसी भी प्रकार की फेरी या व्यापारिक गतिविधि न करे।

यह कार्रवाई थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहू के निर्देशन में की गई। अभियान के दौरान पुलिस टीम में उप निरीक्षक निर्मलकर सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में बाहरी व्यक्तियों, फेरी वालों, किरायेदारों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।

थाना प्रभारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास किसी भी बाहरी फेरी वाले, संदिग्ध व्यक्ति या अनजान गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। साथ ही मकान मालिकों से भी अनुरोध किया गया है कि वे अपने किरायेदारों की पूरी जानकारी थाना में अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं।

पुलिस ने कहा कि जनसहयोग के बिना अपराध नियंत्रण संभव नहीं है। आम जनता और पुलिस की संयुक्त सतर्कता से ही क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का वातावरण बनाए रखा जा सकता है। बचेली पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध या संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत रोक लगाई जा सके।