कबीरधाम जिले में सड़क निर्माण कार्यों में आई तेजी, गुणवत्तापूर्ण सड़कों के निर्माण पर फोकस

कबीरधाम जिले में लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण और उन्नयन कार्यों की रफ्तार तेज कर दी गई है। वर्षा ऋतु के बाद रुके हुए कार्यों को पुनः शुरू किया गया है। ठाकुर देव चौक से ठाठापुर, चिल्फी-रेंगाखार-साल्हेवारा और कवर्धा बायपास सहित कई सड़कों का निर्माण तेज गति से हो रहा है। विभाग ने सभी कार्यों की मॉनिटरिंग और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की बात कही है।

Nov 8, 2025 - 11:07
 0  19
कबीरधाम जिले में सड़क निर्माण कार्यों में आई तेजी, गुणवत्तापूर्ण सड़कों के निर्माण पर फोकस

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा । राज्य शासन की मंशानुरूप कबीरधाम जिले में सड़क विकास को नई गति मिल रही है। लोक निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत सड़क निर्माण और उन्नयन कार्यों में तेजी लाई गई है। वर्षा ऋतु के दौरान बंद या विलंबित परियोजनाओं को पुनः प्रारंभ कर समय-सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता रंजीत घाटगे ने जानकारी दी कि वर्तमान में ठाकुर देव चौक (एन.एच. 12ए) से जुनवानी मार्ग होते हुए हाईटेक बस स्टैण्ड से ठाठापुर मार्ग, जुनवानी जंक्शन तक लगभग 4.20 किलोमीटर लंबाई की सड़क का कार्य तेज गति से जारी है। इसी तरह चिल्फी-रेंगाखार-साल्हेवारा मुख्य जिला मार्ग की 27.80 किलोमीटर लंबाई में नवीनीकरण और उन्नयन कार्य किया जा रहा है। यह मार्ग कबीरधाम जिले के ग्रामीण अंचलों को मुख्य बाजारों और प्रशासनिक केंद्रों से जोड़ेगा, जिससे परिवहन और व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।

 

विभाग द्वारा कवर्धा बायपास (पुराना) मार्ग की 1.30 किलोमीटर लंबाई में मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे शहर में भारी वाहनों के दबाव को कम किया जा सकेगा और यातायात सुगम होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी संपर्क सड़कों को प्राथमिकता दी गई है। खोलवा से कुम्हारी मार्ग (2.30 किमी), पिपरिया से गांगपुर मार्ग (3.80 किमी) और बानों से कान्हाभैरा मार्ग (6.70 किमी) पर भी कार्य जारी है।

श्री घाटगे ने बताया कि सभी परियोजनाओं में निर्माण गुणवत्ता सर्वोपरि रखी गई है। विभाग की टीमों द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और पुराने मार्गों पर बी.टी. पैच रिपेयरिंग कार्य भी निरंतर जारी है ताकि सड़कों की मजबूती और दीर्घायु सुनिश्चित की जा सके।

विभाग का लक्ष्य दिसंबर 2025 तक जिले के सभी स्वीकृत सड़क निर्माण कार्यों को पूर्ण करना है। इन सड़कों के तैयार हो जाने से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में आवागमन सुचारु होगा तथा स्थानीय व्यापार, कृषि परिवहन और जनसुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

कबीरधाम जिले में सड़क निर्माण की यह प्रगति न केवल आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करेगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास की दिशा में राज्य शासन की प्रतिबद्धता का प्रतीक भी बनेगी