नेपानगर में यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज डे पर जागरूकता शिविर का आयोजन, पीएलवी ने दी स्वास्थ्य अधिकारों और योजनाओं की जानकारी
नेपानगर के सरस्वती शिशु मंदिर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पीएलवी द्वारा यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज डे 2025 पर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों, सरकारी योजनाओं, नालसा-सालसा के प्रावधानों तथा बाल सुरक्षा कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई।
UNITED NEWS OF ASIA. महेश किंगे नेपानगर | बुरहानपुर नेपानगर में यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज डे के उपलक्ष्य में नागरिकों को स्वास्थ्य अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने हेतु एक महत्वपूर्ण जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय बुरहानपुर के निर्देशन में आयोजित यह कार्यक्रम सरस्वती शिशु मंदिर नेपानगर में संपन्न हुआ। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों और नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं, विधिक प्रावधानों और सुरक्षा कानूनों के प्रति जागरूक बनाना था।
यह कार्यक्रम मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षा/प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अशिता श्रीवास्तव, सचिव/न्यायाधीश प्रेमदीप सांखला, और जिला विधिक सहायता अधिकारी अनुपमा मुजाल्दे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पीएलवी टीम ने विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
पीएलवी डॉ. एल.एल. लौवंशी ने छात्र-छात्राओं को प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं जैसे जन आरोग्य योजना, जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान भारत योजना, दिव्यांग सहायता योजना, ट्रायसिकल एवं अंग प्रत्यारोपण सहायता, तथा आर्थिक मदद से जुड़ी योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने विशेष रूप से समझाया कि आयुष्मान योजना के तहत हार्ट, लीवर, किडनी, यूटरस ऑपरेशन और घुटना प्रत्यारोपण जैसी जटिल एवं महंगी बीमारियों का निशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है। इसके साथ ही उन्होंने छात्रों को हेल्थ अवेयरनेस, संतुलित आहार और स्वच्छता के महत्व पर भी विस्तृत जानकारी दी।
पीएलवी शहज़ाद अली ने विद्यार्थियों को नालसा-सालसा, बाल विवाह निषेध कानून, पॉक्सो एक्ट, तथा गुड टच–बैड टच जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया। उन्होंने बच्चों को सतर्क, सुरक्षित रहने और किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि की तुरंत सूचना देने के लिए प्रेरित किया।
इस जागरूकता शिविर में पीएलवी महेशचंद्र शिवहरे, सुनिल कुलकर्णी, विद्यालय के प्राचार्य देवेंद्र चौरे, आचार्य दीदी रमा पवार, स्कूल स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम नेपानगर क्षेत्र में स्वास्थ्य, सुरक्षा और विधिक जागरूकता को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।