चिल्फी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2022 के स्क्रब कबाड़ प्रकरण में फरार आरोपी मथुरा से गिरफ्तार

कबीरधाम जिले की चिल्फी पुलिस ने वर्ष 2022 के स्क्रब कबाड़ प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी पवन राजपूत को उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ट्रक में लदी 33.290 मीट्रिक टन स्क्रब सामग्री में हेराफेरी और ट्रक को चिल्फी घाटी में गिराने की साजिश का आरोप है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर कबीरधाम लाकर न्यायालय में पेश किया गया।

Sep 19, 2026 - 12:27
 0  2
चिल्फी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2022 के स्क्रब कबाड़ प्रकरण में फरार आरोपी मथुरा से गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कबीरधाम l कबीरधाम जिले की चिल्फी पुलिस ने वर्ष 2022 से फरार चल रहे एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पवन राजपूत पर स्क्रब लोहे के कबाड़ की हेराफेरी और ट्रक को चिल्फी घाटी में गिराने की साजिश में शामिल होने का आरोप है। पुलिस टीम ने मथुरा पहुंचकर आरोपी को उसके ठिकाने से पकड़ा और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे कबीरधाम लाकर न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं और फरार आरोपियों के संबंध में भी पूछताछ की गई है।

पुलिस के मुताबिक मामला 30 अगस्त 2022 का है। एक ट्रक में रोहतक, हरियाणा से स्क्रब लोहे का कबाड़ लोड किया गया था। इसे चालक के माध्यम से उड़ीसा के कलिंगा नगर स्थित कंपनी तक पहुंचाया जाना था। घटना के करीब तीन दिन बाद ट्रक चिल्फी घाटी में दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिला। जांच के दौरान ट्रक में लदी 33.290 मीट्रिक टन स्क्रब सामग्री की पूरी मात्रा मौके पर नहीं मिली। इसके बाद संबंधित कंपनी के मालिक की शिकायत पर थाना चिल्फी में मामला दर्ज किया गया।

इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 32/2022 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 407, 120(बी) और 34 में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान पुलिस के अनुसार यह तथ्य सामने आया कि कुछ आरोपियों ने आपस में कथित रूप से साजिश कर ट्रक को चिल्फी घाटी में गिराने और उसमें लदी स्क्रब सामग्री को बेचने की योजना बनाई थी। पुलिस ने इस मामले में हिमांशु राजपूत, रमाकांत उर्फ मोनू पांडे, धर्मेंद्र कुमार, भगवान सिंह और पवन राजपूत के नाम जांच में सामने आने की बात कही है।

पुलिस के अनुसार वर्ष 2022 में ही आरोपी हिमांशु राजपूत और धर्मेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया था। वहीं मामले के अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में चिल्फी पुलिस को पवन राजपूत के मथुरा में रहने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई और जनकपुरी, महोली रोड, थाना कोतवाली मथुरा क्षेत्र स्थित उसके निवास पर पहुंचकर तलाश की।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पवन राजपूत, उम्र 33 वर्ष, निवासी जनकपुरी, महोली रोड, थाना कोतवाली मथुरा, जिला मथुरा, उत्तर प्रदेश को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे 16 सितंबर 2026 को मथुरा न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया। इसके बाद आरोपी को कबीरधाम लाया गया और कवर्धा न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

चिल्फी पुलिस के मुताबिक आरोपी से मामले को लेकर पूछताछ की गई तथा मेमोरेण्डम कथन की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद 18 सितंबर 2026 को आरोपी को फिर न्यायालय के समक्ष पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की भी लगातार पतासाजी की जा रही है और उनके मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देशन में की गई। थाना चिल्फी प्रभारी निरीक्षक बीरेन्द्र वर्मा के नेतृत्व वाली टीम में आरक्षक जीतू चंद्रवंशी, अमन वाहने और साइबर थाना के आरक्षक सुभाष नौरंगे की भूमिका रही।