कश्मीर में आतंकियों ने छत्तीसगढ़ के मजदूरों को बनाया निशाना, एक की मौत, दूसरा गंभीर
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने दो गैर-स्थानीय मजदूरों पर फायरिंग कर दी। हमले में छत्तीसगढ़ के 24 वर्षीय दीपक रात्रे की मौत हो गई, जबकि भोपिंदर गंभीर रूप से घायल हैं। सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
UNITED NEWS OF ASIA. जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर स्थित कुलगाम जिले के केल्लाम इलाके में शुक्रवार शाम आतंकियों ने दो गैर-स्थानीय मजदूरों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे आतंकियों ने केल्लाम क्षेत्र में काम कर रहे दो गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाकर तीन से चार राउंड फायरिंग की। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास मौजूद मजदूर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने 24 वर्षीय दीपक रात्रे, पिता उमाशंकर रात्रे, निवासी छत्तीसगढ़ को मृत घोषित कर दिया। वहीं 28 वर्षीय भोपिंदर, पिता दशरथ, निवासी छत्तीसगढ़ गंभीर रूप से घायल हैं। उनकी हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जीएमसी अनंतनाग रेफर किया गया है।
घटना के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। सुरक्षा बल हमले में शामिल आतंकियों की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं और क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जानकारी देते हुए बताया कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों से बात की है। उपराज्यपाल ने सुरक्षा एजेंसियों को आतंकियों के खिलाफ अभियान और तेज करने तथा दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ने या मार गिराने के निर्देश दिए हैं।
इस घटना के बाद छत्तीसगढ़ में मृतक के परिजनों के बीच शोक का माहौल है। वहीं घायल मजदूर का उपचार जारी है। सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे शामिल आतंकियों और उनके नेटवर्क की पहचान में जुटी हुई हैं।