छत्तीसगढ़ पावर कंपनियों में 1501 पदों पर बंपर भर्ती, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर आवेदन शुरू, जानें अंतिम तिथि और पात्रता

छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश की तीन पावर कंपनियों में 1501 पदों पर भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी किया गया है। इसमें कनिष्ठ अभियंता के 167 और डाटा एंट्री ऑपरेटर के 609 पद शामिल हैं। ऑनलाइन आवेदन 6 नवंबर से शुरू होकर 26 नवंबर 2026 तक किए जा सकेंगे। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट cspc.co.in पर भर्ती संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Nov 7, 2026 - 08:14
 0  2
छत्तीसगढ़ पावर कंपनियों में 1501 पदों पर बंपर भर्ती, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर आवेदन शुरू, जानें अंतिम तिथि और पात्रता

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनियों में कुल 1,501 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने 5 नवंबर 2026 को 38 प्रकार के पदों के लिए विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी किया है। यह विज्ञापन पावर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है। भर्ती के अंतर्गत द्वितीय श्रेणी के 195 और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1,306 पद भरे जाएंगे।

यह भर्ती छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के लिए आयोजित की जा रही है। सबसे अधिक रिक्तियां डाटा एंट्री ऑपरेटर और कनिष्ठ अभियंता के पदों पर हैं। डाटा एंट्री ऑपरेटर के कुल 609 पद निर्धारित किए गए हैं, जिनमें जनरेशन कंपनी के 95, ट्रांसमिशन कंपनी के 64 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 450 पद शामिल हैं। वहीं कनिष्ठ अभियंता इलेक्ट्रिकल के 167 पदों में जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद शामिल हैं।

भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 की शाम 8 बजे से प्रारंभ हो गई है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 की रात 11 बजकर 55 मिनट तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क का भुगतान भी इसी निर्धारित समय सीमा के भीतर नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड अथवा यूपीआई के माध्यम से किया जा सकेगा। अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।

तकनीकी पदों में सहायक अभियंता इलेक्ट्रिकल के 92, मैकेनिकल के 26, सिविल के 20, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 10 तथा कंप्यूटर साइंस और सूचना प्रौद्योगिकी के 2-2 पद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कनिष्ठ अभियंता मैकेनिकल के 12, सिविल के 26 और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन के 9 पद निर्धारित किए गए हैं। सुरक्षा अधिकारी, फायर ऑफिसर, शिफ्ट केमिस्ट और प्रोग्रामर जैसे पदों पर भी भर्ती होगी।

अन्य रिक्तियों में अटेंडेंट प्लांट ग्रेड-III के अंतर्गत फिटर के 84, टर्नर के 36, इलेक्ट्रीशियन के 90, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक के 45 और इलेक्ट्रॉनिक्स के 45 पद शामिल हैं। इसके अलावा लेखा अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी, सहायक विधि अधिकारी, स्टेनोग्राफर, सहायक फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, रेडियोग्राफर, ड्रेसर और ईसीजी तकनीशियन सहित विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

भर्ती विज्ञापन के अनुसार तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही पात्र होंगे। शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तें पदवार निर्धारित की गई हैं। तीनों कंपनियों के साझा पदों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को अपनी पसंद के अनुसार कंपनियों का प्राथमिकता क्रम भरना होगा। अंतिम चयन के बाद मेरिट, अभ्यर्थी की प्राथमिकता और उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर कंपनी आवंटित की जाएगी।

छत्तीसगढ़ सरकार की इस भर्ती पहल से तकनीकी, प्रशासनिक और अन्य क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इच्छुक उम्मीदवार आवेदन से पहले विस्तृत विज्ञापन का अध्ययन करें और निर्धारित समय सीमा में अपना आवेदन पूरा करें।