देशभक्ति से बड़ा कोई जीवन नहीं, युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए तैयार करें: बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर में आयोजित सम्मान समारोह में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अग्निवीर, पुलिस और सहायक विस्तार अधिकारी पद पर चयनित युवाओं का सम्मान किया। उन्होंने युवाओं को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हुए जय श्री राम निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण एवं सेवा संस्थान को खेल एवं प्रशिक्षण सामग्री के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की।

Jun 8, 2026 - 12:13
 0  2
देशभक्ति से बड़ा कोई जीवन नहीं, युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए तैयार करें: बृजमोहन अग्रवाल

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर में आयोजित एक सम्मान समारोह में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने युवाओं को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति का संदेश देते हुए कहा कि देशभक्ति से बड़ा कोई कार्य और कोई जीवन नहीं होता। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति देश के लिए जीना सीख जाता है, वह अपने कर्मों के माध्यम से राष्ट्र को निरंतर सशक्त बनाता है। उन्होंने देश की सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों में तैनात जवानों के योगदान को याद करते हुए कहा कि नागरिकों की सुरक्षित और शांतिपूर्ण जिंदगी उनके त्याग और समर्पण का परिणाम है

बृजमोहन अग्रवाल ‘जय श्री राम निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण एवं सेवा संस्थान’ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इस अवसर पर संस्थान के उन प्रशिक्षुओं का सम्मान किया गया, जिनका चयन हाल ही में विभिन्न सरकारी सेवाओं में हुआ है। चयनित युवाओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वाले युवाओं में साहिल ध्रुव, हरीश यदु और पवन जायसवाल का चयन अग्निवीर के रूप में हुआ है। वहीं पोखराज वर्मा का चयन सहायक विस्तार अधिकारी पद पर तथा कुलदीप इसदा का चयन छत्तीसगढ़ पुलिस में हुआ है। कार्यक्रम में इन युवाओं की उपलब्धियों को प्रेरणादायक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

अपने संबोधन में बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सैन्य प्रशिक्षण और अग्निवीर योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि देश को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है जो शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत हों तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सक्षम हों।

उन्होंने छत्तीसगढ़ के युवाओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के शारीरिक विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सैन्य प्रशिक्षण संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

कार्यक्रम के दौरान सांसद ने जय श्री राम निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण एवं सेवा संस्थान द्वारा युवाओं को दिए जा रहे निःशुल्क प्रशिक्षण की सराहना की। संस्थान की मांग पर उन्होंने सांसद निधि से प्रशिक्षण और खेल सामग्री उपलब्ध कराने के लिए 5 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे संस्थान को बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे और अधिक संख्या में युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा सकेगा।

संस्थान के अध्यक्ष पन्ना लाल सिन्हा ने बताया कि संस्थान की स्थापना 15 अगस्त 2020 को की गई थी। अल्प समय में संस्थान ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है और अब तक यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर 91 युवाओं का चयन सेना, पुलिस तथा विभिन्न सरकारी सेवाओं में हो चुका है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उदय भान सिंह चौहान ने की। इस अवसर पर पूर्व सैनिक संगठन के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों, संस्थान के पदाधिकारियों, प्रशिक्षुओं, उनके परिजनों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। समारोह में युवाओं को राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।